इंदौर
indoremeripehchan : इंदौर बनेगा भक्ति और साधना का दिव्य तीर्थ : 11 दिवसीय सनातन सिद्धि नवरात्रि महोत्सव 22 सितंबर से
indoremeripehchan.in
कृष्णगिरी पीठाधीश्वर श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज का पावन सानिध्य
- - विश्व का सबसे बड़ा 25 एकड़ का प्रांगण
- - 50 फ़ीट ऊँचे 12 ज्योतिर्लिंगों की रचना
- - देवी दुर्गा के 23 रूपों का पांडाल
- - यज्ञ मंडप एवं हवन कुटीर
- - प्रसिद्ध कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम
- - 2007 फीट की चुनरी यात्रा
- - म.प्र. के प्रमुख स्थलों की प्रतिकृतियां
इंदौर. कृष्णगिरी पीठाधीश्वर श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में 22 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक दिव्य सनातन सिद्धि नवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत रोजाना साधना, हवन, देवी भागवत कथा, विशेष मार्गदर्शन और संगीत आराधना के आयोजन होंगे।
23 दुर्गा माता के भव्य स्वरूप के दर्शन होंगे
श्री पार्श्व पद्मावती सेवा न्यास इंदौर एवं श्री पार्श्व पद्मावती सेवा ट्रस्ट कृष्णगिरी, तमिलनाडु द्वारा वीआईपी परस्पर नगर में आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत 425 फीट चौड़ा एवं 65 फीट ऊँचा विशाल प्रवेश द्वार बनाया गया है। 25 हजार वर्ग फ़ीट के विशाल पंडाल में 50-50 फीट ऊँचे 12 ज्योतिर्लिंग की भव्य प्रतिकृति की संरचना के साथ आलोकित 23 दुर्गा माता के भव्य स्वरूप के दर्शन होंगे।
महालक्ष्मी समृद्धि महायज्ञ के लिए भी 25 हजार वर्ग फ़ीट की यज्ञ शाला बनाई गयी है। 108 विद्वान आचार्य यज्ञ शाला में 30,000 किलो शुद्ध मेवे, दिव्य औषधियां, 20,000 किलो चंदनादि पवित्र वृक्षों की समिधाओं तथा 7,000 किलो गाय के शुद्ध देशी घी से आहुति करेंगे।
11,000 लक्ष्मी स्वर्ण कलश पूजन के लिए 45,000 वर्ग फीट का विशाल देवी भागवत पंडाल
11,000 लक्ष्मी स्वर्ण कलश पूजन के लिए 45,000 वर्ग फीट का विशाल देवी भागवत पंडाल बनाया गया है। सभी बड़े आयोजन इस पांडाल में होंगे। प्रतिदिन हजारों भक्तों के लिए सुबह चाय-नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि के भोजन प्रसादी के लिए 50,000 वर्ग फीट का भोजन पंडाल एवं 20,000 वर्ग फीट का किचन बनाया गया है।
रोजाना विशेष प्रवचन : महोत्सव के दौरान रोजाना रात्रि 08 बजे धार्मिक विषयों पर श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज विशेष प्रवचन देंगे। 22 सितंबर 2025 को माँ भगवती की कृपा के लिए क्या करें? 23 सितंबर को माँ भगवती के आगमन की दिव्य अनुभूति, 24 सितंबर को पढ़ाई में सफलता के रहस्य, 25 सितंबर को गुरु कृपा एवं गुरु महिमा पर अलोकिक प्रवचन, 26 सितंबर को घर-घर में स्वतः दीपक प्राकट्य की दिव्य कृपा, 27 सितंबर को शनिदेव की दिव्य महिमा का वर्णन, 28 सितंबर को व्यापार में सफलता, 29 सितम्बर को कुल देवी के प्रत्यक्ष दर्शन, 30 सितंबर को माँ भगवती के सहस्त्र नाम का श्रवण, 01 अक्टूबर को घर में अक्षय सुख-शांति के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं 02 अक्टूबर को वास्तु दोष पर चर्चा विशेष कुंकुम सिद्धि विधान।
सांस्कृतिक कार्यक्रम : महोत्सव के अंतर्गत रोजाना रात्रि 10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सुप्रसिद्ध गायक दलेर मेंहदी, लखवीर सिंह लक्खा, उस्मान मीर, सुप्रसिद्ध ड्रम आर्टिस्ट शिवामणि अलग-अलग दिन अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में सुरेन्द्र शर्मा, शशिकांत यादव, शम्भू शिखर जैसे प्रसिद्ध कवि काव्य पाठ करेंगे।
भव्य चुनरी यात्रा : महोत्सव के अंतर्गत 28 सितंबर को प्रातः 09 बजे अन्नपूर्णा मंदिर से महोत्सव स्थल तक विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया है। यात्रा के लिए 2007 फीट की विशेष चुनरी बनवाई गयी है। आयोजन में दिव्य महायज्ञ-हवन, कलश अनुष्ठान, पांडाल, चुनरी यात्रा और प्रवेश द्वार को लेकर महोत्सव समिति ने विश्व कीर्तिमान के लिए दावे प्रस्तुत किए हैं। पूर्व में भी श्री वसंत विजयानंद गिरी जी महाराज के अनेकों आयोजनों को गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित अनेकों प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड प्राप्त हो चुके हैं।
आयोजन समिति : आयोजन समिति में मुख्य मंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य संरक्षक, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव संरक्षक एवं विधायक मधु वर्मा तथा गोलू शुक्ला संयोजक मनोनीत किए गए हैं। नवरात्रि महोत्सव में ललित शर्मा, संकेश जैन, रीतेश जैन, बलराम वर्मा, दीपक जैन ‘टीनू’, हितेश कोठारी, हर्ष मेहता एवं आदेश शर्मा प्रमुख पदों पर हैं। महोत्सव में शामिल होने के लिए देश भर के और विदेशों से भी हजारों भक्त अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।





