उज्जैन
सोशल मीडिया पर दोस्ती : उज्जैन हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश : दुल्हन बनकर लूटने वाली सुंदिरयों सहित 6 गिरफ्तार
paliwalwani 
        						    उज्जैन. सोशल मीडिया पर दोस्ती के जाल में फंसाकर अपहरण और फिरौती मांगने वाले हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस गिरोह में शामिल युवतियों और उनके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। ये वही महिलाएं हैं जो पहले दुल्हन बनकर ससुराल वालों को लूटने की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं।
उज्जैन के अलावा शाजापुर और दमोह में भी हनी ट्रैप गिरोह इन आरोपियों ने शादी के नाम पर लोगों को लूटा है। हाल ही में शाजापुर में इनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। शाजापुर पुलिस अब प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें उज्जैन की भैरवगढ़ जेल से अपनी हिरासत में ले सकती है। टीआई ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे एक हनी ट्रैप गिरोह के रूप में काम करते हैं। वे पहले भी शादी के बहाने लोगों को लूट चुके हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि लुटेरी दुल्हन के रूप में इनके चेहरे सार्वजनिक होने के बाद इन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फांसना शुरू किया। पुलिस ने बताया कि उज्जैन के तुलाहेड़ा निवासी 33 वर्षीय राहुल राठौर से कृतिका ने आयुषी नाम से दोस्ती की दोनों के बीच इंस्टाग्राम से संपर्क हुआ था। आयुषी ने राहुल को कहा था कि वह 11 सितंबर को उज्जैन आ रही है। इस पर राहुल उससे मिलने के लिए पहुंचा था।
आयुषी के साथ उसकी बहन अनुजा, उसकी बुआ पुष्पा जैन, भारती लोधी भी थे। इनके साथ माकड़ोन के संजय सोंटी और भगवानसिंह भी थे। इन लोगों ने राहुल को गरोठ ब्रिज के पास बुलाया। वह कार से जैसे ही पहुंचा। सभी लोग कार में घुस गए और रुपए की मांग करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में यह लोग राहुल को अपने साथ लेकर आगे निकल गए। इस बीच कृतिका ने राहुल का फोन ले लिया और फोन पे का पासवर्ड लेकर कार में डीजल डलवाया और खाना खरीदा।
राहुल को लेकर यह लोग चौंसला और आक्याचौहान के बीच पहुंचे और उससे फोन लगवाकर उसके जीजा सतीश से 15 लाख रुपए की रकम मंगवाई। जीजा सतीश को शक हुआ तो वह अपने साथियों के साथ रुपए देने पहुंचा। अधिक लोगों को देखकर आरोपी भागे और घबराहट में इनकी कार पलटी मार गई। उसके बाद आरोपी राहुल को मौके पर ही छोडक़र भाग गए। पूरी घटनी की सूचना 11 सितंबर की रात को ही चिमनगंज पुलिस को दी गई।
चिमनगंज, माकड़ौन और सायबर सेल के पुलिसकर्मियों ने रात में ही जाल बिछाया और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सभी आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हनी ट्रैप गिरोह की पुष्पा (55, जबलपुर), कृतिका जैन (18, जबलपुर), भारती लोधी (18, जबलपुर), अनुजा जैन (28, जबलपुर), संजय सोंटी (25, माकड़ौन) और भगवान सिंह (32, माकड़ौन) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कृतिका (मुख्य आरोपी) और अनुजा बहनें हैं। पुष्पा इनकी बुआ है। जबकि भारती सहेली है। यह ब्यूटी गैंग इस घटना के पहले तक शादी के नाम पर लोगों को फांसते थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से लोग ऐसी घटनाओं से सावधान रहने लगे तो इन्होंने लोगों को फांसने के लिए सोशल मीडिया की मदद से जाल बिछाना शुरू किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इंगोरिया के युवक संजय सोंटी से पुष्पा 2 साल पहले संपर्क में आई थी। महाकाल दर्शन के लिए आई पुष्पा का पर्स गुम होने पर संजय ने उसकी मदद की थी। पुष्पा ने संजय व उसके साथ भगवान को राहुल राठौर से रुपए ऐंठने की घटना में मदद के लिए राजी किया। पुष्पा व युवतियां गुरुवार को उज्जैन आएं। संजय कार से सभी आरोपियों के साथ गरोठ रोड तक पहुंचा और अपनी कार वापस भिजवा दी। यहां से इन्होंने वारदात में राहुल की कार का उपयोग किया।
उंडासा में शादी कर लूटा: गिरफ्तार हुई भारती लोधी ने करीब एक साल पहले उंडासा के महिपाल से शादी की थी। यह शादी भी आरोपी पुष्पा जैन ने दो लाख रुपए में तय कराई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद भारती आधी रात को महिपाल के घर से गहने और नकदी लेकर फरार हो गई थी।
शाजापुर में फरार हुई अनुजा: शाजापुर के लाहौरी गांव के विपिन विश्वकर्मा से अनुजा की शादी जनवरी 2025 में हुई थी। डेढ़ लाख रुपए में तय हुए इस रिश्ते में अनुजा शादी की पहली ही रात जेवर लेकर भाग गई थी। जब विपिन को इन आरोपियों के पकड़े जाने की खबर मिली तो उन्होंने शाजापुर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दमोह में साढ़े चार लाख रुपए की ठगी: दमोह में भी कृतिका जैन की शादी पुष्पा जैन ने करवाई थी। यहां से भी कृतिका पहली रात ही गायब हो गई थी। इस गिरोह ने दमोह से गहने और नगदी मिलाकर लगभग चार लाख पचास हजार रुपए की ठगी की थी। उज्जैन पुलिस अब अन्य थानों से संपर्क कर इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।






 
    						 
    						 
    						 
    						 
    						 
    						 
    						 
    						 
    						 
    						