उज्जैन
1 जनवरी 2026 से कांग्रेस शुरु करेगी घर चलो- गाँव चलो-बूथ चलो अभियान
indoremeripehchan.in
प्रदेश के प्रभारी सचिव व विधानसभा क्षेत्र प्रभारी डेढ़ महीने तक अपने क्षेत्र में ही रहेंगे
उज्जैन. मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में 1 जनवरी से घर चलो-गांव चलो- बूथ चलो अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान में सक्रियता लाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त किए गए मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र के प्रभारी सचिव अपने क्षेत्र में ही डटे रहेंगे। इसके साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए प्रभारी भी डेढ़ महीने तक अपने प्रभार के क्षेत्र में ही रहेंगे।
यह फैसला हाल ही में हुई मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तृत बैठक में लिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि इस बैठक में यह निश्चित किया गया है कि 1 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक हर घर, हर बूथ और हर गांव पर जाने का अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान में एक तरफ जहां मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के कार्य का परीक्षण किया जाएगा। दूसरी तरफ कांग्रेस की ग्राम पंचायत और वार्ड की कमेटी के गठन की प्रक्रिया को भी शुरू किया जाएगा। यह अभियान 1 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा। इस डेढ़ महीने की अवधि में कांग्रेस ने हर घर तक जाकर दस्तक देने का लक्ष्य रखा है। इस बैठक में कांग्रेस को एक बार फिर मैदानी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
इस कार्य योजना के अनुसार अगले डेढ़ महीने में कांग्रेस के आधार को हर गांव तक विस्तार देने का काम किया जाएगा। यह कार्य योजना तैयार करने से पहले ही कांग्रेस के द्वारा प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा हर दो संभाग के लिए एक प्रभारी सचिव भी नियुक्त कर दिया गया है।
अब प्रभारी सचिव और विधानसभा प्रभारी की देखरेख में ही पूरा अभियान का संचालन किया जाएगा। यहाँ यह उल्लेखनीय है कि कांगे्रस द्वारा विभिन्न स्थान पर स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने भाग लिया था। अब प्रदेश स्तर से प्राप्त सूचना के बाद कांगे्रसी इस अभियान में जुटेंगे।





