राज्य
Weather Alert : मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में हो सकती है बारिश, जानिए आज का मौसम अपडेट
Pushplata
मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
दिल्ली में खिली रहेगी धूप
दिल्ली में उत्तर पश्चिमी हवा चलने से सुबह मौसम ठंडा रहा। इसी वजह से शनिवार को न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। पिछले दो साल में अप्रैल के महीने में शनिवार की सुबह अब तक सबसे अधिक ठंडक भरी रही। हालांकि, दिन में तेज धूप गिरने से तापमान में इजाफा देखने को मिला। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को आकाश साफ रहेगा। धूप खिली रहेगी। हालांकि, सोमवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, आज और कल तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी गरज / बिजली / तेज हवाओं के साथ हल्की / मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
सामान्य से अधिक रहेगा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान मध्य भारत, उत्तर प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस कम और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। पश्चिमी तट के साथ देश के बाकी हिस्सों में तापमान सामन्य रहेगा।
लू चलने की कोई संभावना नहीं
विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान के धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। वहीं, अगले 4 दिनों के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू चलने की संभावना नहीं है।