देश-विदेश
ट्रंप की पार्टी में शूटर, अंधाधुंध चलीं गोलियां-बाल-बाल बचे ट्रंप
paliwalwani
अमेरिका. वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में पत्रकारों के डिनर (White House Correspondents' Dinner) कार्यक्रम के दौरान फायरिंग हुई है। स्थानीय समयानुसार ये फायरिंग शनिवार रात 8:30 बजे के आसपास हुई है। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वांस और उनकी कैबिनेट के लोग भी शामिल थे। होटल में हुई फायरिंग में डोनाल्ड ट्रंप बाल-बाल बच गए हैं, उन्हें मौका रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
फायरिंग के दौरान होटल के अंदर क्या-क्या हुआ है। एएनआई की पत्रकार रीना भारद्वाज ने आंखों देखा हाल बताया है। वह इस पत्रकारों की डिनर पार्टी में शामिल थीं। हमले के बाद रीना भारद्वाज ने घटना स्थल से वीडियो बनाया है। इस वीडियो में उन्होंने हमले का आंखों देखा जिक्र किया है।
उन्होंने कहा अभी कुछ ही मिनट पहले, वॉशिंगटन के हिल्टन होटल के बॉलरूम में अफरा-तफरी मच गई। मैंने अपनी आंखों से जो देखा, वह सबसे पहले एक जोरदार आवाज थी। मुझे लगा कि शायद यह बर्तनों के खड़कने की आवाज थी। लेकिन कुछ ही सेकंड में मैंने देखा कि खाना परोसने वाले अपनी ट्रे लेकर भागते हुए आ रहे थे और खुद को सुरक्षित रखने के लिए कोई सुरक्षित जगह ढूंढने की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने आगे कहा, 'तभी मुझे लगा कि कुछ तो गड़बड़ है। पूरी की पूरी मेज के नीचे सबने पनाह ले ली। जब मुझे लगा कि अब उठना सुरक्षित है, तो मैंने देखा कि स्टेज पर सुरक्षाकर्मी लंबी बंदूकों के साथ मौजूद थे।
भारतीय पत्रकार ने कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बाहर निकाल लिया गया था। एक-एक करके उनके कैबिनेट के सभी सदस्यों को, जिनमें स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ, विटकॉफ शामिल थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार्यक्रम जल्द ही फिर से शुरू होने वाला है, ऐसी घोषणा की गई है, लेकिन एसोसिएशन की तरफ से हमें अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
सोशल मीडिया ट्रूथ पर ट्रंप ने क्या लिखा?
वहीं इस संबंध में राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा-' डी.सी. में एक शानदार शाम रही। सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफोर्समेंट ने बहुत अच्छा काम किया। उन्होंने तेज़ी से और बहादुरी से काम किया। शूटर को पकड़ लिया गया है, और मैंने सलाह दी है कि हम “शो को जारी रखें” लेकिन, पूरी तरह से लॉ एनफोर्समेंट ही इस पर गाइड करेंगे। वे जल्द ही कोई फ़ैसला लेंगे। उस फ़ैसले के बावजूद, शाम प्लान किए गए से बहुत अलग होगी, और हमें इसे फिर से करना होगा।'





