📅 Sunday, 11 October 2026 | 12:39 PM IST
लाइव सेंसेक्स: 72,472.33 ▲ +879.09 (+1.23%) • निफ्टी 50: 22,520.45 ▲ +288.65 (+1.30%) • 🪙 सोना 24K (10g): ₹150,940 • 🥈 चांदी (1kg): ₹230,600 • ☀️ उज्जैन: 32°C (साफ आसमान)
देश-विदेश

काला सागर में रूसी ड्रोन हमले का शिकार हुए : तीन भारतीय रोमानिया से स्वदेश रवाना

📅 11 October 2026, 11:00 AM • ✍️ paliwalwani • ⏱️ 4 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
काला सागर में रूसी ड्रोन हमले का शिकार हुए : तीन भारतीय रोमानिया से स्वदेश रवाना
काला सागर में रूसी ड्रोन हमले का शिकार हुए : तीन भारतीय रोमानिया से स्वदेश रवाना

लंदन. 11 अक्टूबर (भाषा) काला सागर में सोमवार को हमले का शिकार हुए तुर्किए के स्वामित्व वाले मालवाहक जहाज ‘एमवी रोयाद ममादोव’ से बचाए गए तीन भारतीय नागरिक स्वदेश के लिए रवाना हो गए हैं। बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।

दूतावास ने शनिवार को कहा, ‘‘तीन भारतीय नागरिक साहिल संधू, अश्विनी कुमार और हरमन सिंह आज (शनिवार) भारत के लिए रवाना हो गए।’’

दूतावास ने कहा कि उनकी स्वदेश वापसी में मदद के लिए सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। उसने रोमानियाई अधिकारियों, कॉन्स्टैंटा काउंटी अस्पताल और रोमानिया की बचाव टीमों का आभार भी जताया।

तुर्किए की एक कंपनी के स्वामित्व वाला यह जहाज यूक्रेन के इजमेल बंदरगाह से इटली के रवेन्ना तक मक्का ले जा रहा था। सोमवार को रोमानिया के जलक्षेत्र के बाहर काला सागर में नौवहन के दौरान इस पर हमला हुआ।

हमले में दो विदेशी नाविकों की मौत हो गई और चालक दल के कई सदस्य घायल हो गए। तीनों भारतीय नागरिक बच गए, हालांकि उनमें से एक घायल हो गया था और रोमानिया में उसका उपचार किया गया। हमले में मारे गए लोगों की राष्ट्रीयता का तत्काल पता नहीं चल पाया था।

दूतावास के एक प्रतिनिधि ने काला सागर में छह अक्टूबर को जहाज से बचाए गए तीनों भारतीय नागरिकों से सात अक्टूबर को मुलाकात की थी।

दूतावास ने सात अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि दो भारतीयों को एक होटल में ठहराया गया है, जबकि तीसरे का कॉन्स्टैंटा के काउंटी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। दूतावास के अनुसार, तीनों की हालत स्थिर है।

दूतावास ने बताया कि जहाजरानी कंपनी के स्थानीय एजेंट के माध्यम से मोबाइल फोन सहित जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया। साथ ही, एक स्थानीय भारतीय रेस्तरां के जरिए भारतीय भोजन की व्यवस्था भी की गई। दूतावास ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहा है।

‘बीआईएमसीओ-आईसीएस’ की ‘सीफेरर वर्कफोर्स रिपोर्ट 2026’ के अनुसार, भारत दुनिया में नाविकों का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है। वैश्विक जहाजरानी उद्योग में भारत के 3,11,936 पेशेवर योगदान दे रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, वैश्विक नाविक कार्यबल में भारत की हिस्सेदारी अब 12.16 प्रतिशत है। इस मामले में भारत फिलीपीन के बाद दूसरे स्थान पर है और चीन, रूस तथा इंडोनेशिया से आगे है।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए Paliwalwani.comजिम्मेदार नहीं है.

📲

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

चैनल से जुड़ें →

संबंधित खबरें

सभी देखें →
WhatsApp हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें