Rajsamand News : राजसमंद में 12 साल बाद कांग्रेस का जिला प्रमुख पद पर कब्जा, सुंदर देवी कीर ने 5 वोटों से दर्ज की जीत
चीफ ब्यूरो किशन पालीवाल आमेट ✍️
राजसमंद. जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार सुंदर देवी कीर ने जीत दर्ज कर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मदन सिंह चौहान को 5 मतों से पराजित किया। इस जीत के साथ ही कांग्रेस ने 12 साल बाद जिला प्रमुख पद पर वापसी की है।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला परिषद कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने डॉ. सीपी जोशी जिंदाबाद के नारे लगाकर जीत का जश्न मनाया। जिला प्रमुख चुनाव के लिए बुधवार दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी के सभी 12 निर्वाचित जिला परिषद सदस्य कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला परिषद कार्यालय पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसके बाद कांग्रेस के 17 निर्वाचित सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह को कंधों पर उठाकर कांग्रेस पार्टी और डॉ. सीपी जोशी के समर्थन में नारेबाजी की।
पूरे जिले का समग्र विकास मेरी प्राथमिकता : सुंदर देवी कीर
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नवनिर्वाचित जिला प्रमुख सुंदर देवी कीर (जो वार्ड संख्या 15 से निर्वाचित हुई हैं और पूर्व में पीपली आचार्यान की सरपंच रह चुकी हैं) ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि "पहले मैंने केवल एक ग्राम पंचायत का विकास किया था, लेकिन अब पूरे राजसमंद जिले का समग्र विकास करूंगी।" वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधि सौ प्रतिशत खरा उतरेंगे।
जीत के जश्न के बीच कांग्रेस में दिखी नाराजगी
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान कांग्रेस की जीत के जश्न के बीच पार्टी के भीतर नाराजगी भी सामने आई। जिला प्रमुख पद के दावेदार माने जा रहे लक्ष्मण गुर्जर के समर्थकों ने डॉ. सीपी जोशी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। समर्थकों ने दोनों नेताओं पर पक्षपात करने के आरोप लगाए। नाराज समर्थकों का आरोप था कि जिला प्रमुख पद के चयन में गुर्जर समाज की अनदेखी की गई है।
समर्थकों ने इसे भविष्य की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में देखने की इच्छा भी जाहिर की। इस प्रकार जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने जहां 12 साल बाद जीत हासिल कर जश्न मनाया, वहीं जीत के साथ ही पार्टी के भीतर सामने आई नाराजगी ने जिले की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे दिया।
- राजनीतिक समीकरण और भीतरघात की चर्चा : चुनाव परिणामों के अनुसार दोनों ही दलों के सभी निर्वाचित सदस्यों ने अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया और कोई क्रॉस-वोटिंग नहीं हुई। हालांकि, मतदान से पहले कांग्रेस में लक्ष्मण गुर्जर का नाम भी दावेदारों में चर्चा में था, जिसके चलते टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों द्वारा नाराजगी जताने की खबरें सामने आई हैं।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
Rajsamand News : राजसमंद में 12 साल बाद कांग्रेस का जिला प्रमुख पद पर कब्जा, सुंदर देवी कीर ने 5 वोटों से दर्ज की जीत
शोक संदेश : 24 श्रेणी पालीवाल समाज के पूर्व महामंत्री श्री भवानी शंकर जोशी का निधन : अंतिम यात्रा कल
पालीवाल समाज का सामूहिक विवाह समारोह एवं तुलसी शालिग्राम जी विवाह महोत्सव में द्वारकाधीश की नगरी में श्री लक्ष्मीनारायण भगवान एवं श्री चारभुजा नाथ के जयकारे की गूंज