📅 Wednesday, 25 November 2026 | 11:19 PM IST
लाइव सेंसेक्स: 83,938.28 ▲ +1,502.29 (+1.82%) • निफ्टी 50: 25,819.25 ▲ +469.60 (+1.85%) • 🪙 सोना 24K (10g): ₹118,680 • 🥈 चांदी (1kg): ₹139,800 • ☀️ उज्जैन: 18°C (साफ आसमान)
आमेट

जयपुर शहीद स्मारक पर निजी स्कूलों का धरना तीसरे दिन भी जारी : प्रदेशभर के स्कूल संचालक आंदोलन में जुटे

📅 25 November 2026, 11:03 PM • ✍️ M. Ajnabee, Kishan paliwal • ⏱️ 8 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
जयपुर शहीद स्मारक पर निजी स्कूलों का धरना तीसरे दिन भी जारी : प्रदेशभर के स्कूल संचालक आंदोलन में जुटे
जयपुर शहीद स्मारक पर निजी स्कूलों का धरना तीसरे दिन भी जारी : प्रदेशभर के स्कूल संचालक आंदोलन में जुटे

आरटीई (RTE) के तहत निःशुल्क प्रवेशित विद्यार्थियों की फीस का बकाया भुगतान और निजी विद्यालयों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदेशभर के स्कूल संचालक आंदोलन में जुटे हैं।

आमेट. निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान के तत्वावधान में जयपुर के शहीद स्मारक पर चल रहे इस धरने में प्रदेश के विभिन्न जिलों से निजी विद्यालय संचालक, संगठन पदाधिकारी और प्रतिनिधि पहुंचकर समर्थन दे रहे हैं। धरना स्थल पर प्रदेशभर के निजी विद्यालय संगठनों की भागीदारी लगातार बनी हुई है।

समिति का मुख्य उद्देश्य सरकार का ध्यान निजी विद्यालयों की लंबे समय से लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित करना और आरटीई के अंतर्गत निःशुल्क प्रवेशित विद्यार्थियों की फीस का बकाया पुनर्भरण शीघ्र दिलाना है। समिति पिछले कई महीनों से सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष अपनी मांगें उठा रही है। अपेक्षित समाधान नहीं मिलने के कारण विद्यालय संचालकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। धरने के दौरान पुलिस प्रशासन ने सरकार के साथ वार्ता कराने की पहल की। प्रशासन ने आंदोलनकारियों और सरकार के बीच बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन यह कोशिश सफल नहीं हो सकी। वार्ता नहीं होने के कारण धरना तीसरे दिन भी जारी रहा।

प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला (राजसमन्द) ने कहा कि निजी विद्यालय संचालक लंबे समय से सरकार के समक्ष अपने अधिकारों और लंबित भुगतान की मांग उठा रहे हैं। आरटीई के तहत विद्यालयों ने बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाई है, लेकिन इसके बदले मिलने वाली पुनर्भरण राशि का समय पर भुगतान नहीं होने से विद्यालयों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

विद्यालयों को कर्मचारियों का वेतन, भवन किराया, बिजली बिल और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का खर्च स्वयं वहन करना पड़ रहा है। सरकार से बार-बार आग्रह करने के बावजूद समस्याओं का पूर्ण समाधान नहीं हुआ है। झाला ने प्रदेश के सभी निजी विद्यालय संचालकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे निजी विद्यालय परिवार का है।

सभी संचालकों को अपने व्यक्तिगत कार्यों से समय निकालकर आंदोलन में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। जगदीश बांगड़वा, संभाग संयोजक जयपुर ग्रामीण ने कहा कि प्रदेश के निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी संचालकों को एक मंच पर आना होगा।

जब तक सभी जिलों के विद्यालय संचालक संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद नहीं करेंगे, तब तक सरकार तक मांगों का प्रभावी संदेश पहुंचाना कठिन होगा। उन्होंने अधिकाधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया। डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, संभाग संयोजक जयपुर ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। आरटीई भुगतान में देरी से विद्यालयों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निर्णय करना चाहिए।

पवन चौधरी, जिला संयोजक खैरथल-तिजारा ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों के विद्यालय संचालकों को आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। केवल संदेश भेजने और समर्थन जताने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इसके लिए धरना स्थल पर उपस्थित होकर संख्या बल दिखाना आवश्यक है। लोकेश जैन, जिला संयोजक टोंक ने कहा कि निजी विद्यालय संचालक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ अनेक आर्थिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

सरकार को विद्यालयों की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हुए लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण करना चाहिए। शिवदान राम बापेड़िया, जिला संयोजक नागौर-मेड़ता ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश के सभी निजी विद्यालयों के भविष्य से जुड़ा है। यदि आज विद्यालय संचालक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट नहीं होंगे तो आने वाले समय में विद्यालयों के संचालन में और कठिनाइयां आएंगी। इसलिए प्रत्येक जिले से विद्यालय संचालकों की उपस्थिति आवश्यक है।

धरना स्थल से समिति ने प्रदेश के सभी संगठन प्रमुखों, जिला संयोजकों और ब्लॉक संयोजकों से विशेष अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आरटीई भुगतान की अद्यतन जानकारी के साथ शहीद स्मारक पहुंचें। विशेष परिस्थितियों में अपने अधिकृत प्रतिनिधि को भेजने की व्यवस्था भी की जा सकती है, ताकि प्रत्येक जिले में भुगतान की वास्तविक स्थिति सरकार के समक्ष रखी जा सके। समिति पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।

समिति सरकार के साथ टकराव नहीं चाहती, बल्कि संवाद के जरिए समस्याओं का स्थायी समाधान चाहती है। सभी लंबित मांगों का समाधान होने पर समिति सरकार का आभार व्यक्त करते हुए धरना समाप्त करने को तैयार है। फिलहाल जयपुर के शहीद स्मारक पर तीसरे दिन भी जारी धरने के बीच निजी विद्यालय संचालकों की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। समिति ने दोहराया है कि जब तक लंबित समस्याओं का उचित समाधान और आरटीई का बकाया भुगतान सुनिश्चित नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

M. Ajnabee, Kishan paliwal

📲

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

चैनल से जुड़ें →

संबंधित खबरें

सभी देखें →
WhatsApp WhatsApp चैनल