Friday, 01 May 2026

उत्तर प्रदेश

श्रम दिवस पर यूपीडब्लूजेयू ने दिया उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन, प्रदेश भर में हुए कार्यक्रम

paliwalwani
श्रम दिवस पर यूपीडब्लूजेयू ने दिया उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन, प्रदेश भर में हुए कार्यक्रम
श्रम दिवस पर यूपीडब्लूजेयू ने दिया उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन, प्रदेश भर में हुए कार्यक्रम

लखनऊ.

श्रम दिवस के मौके पर शुक्रवार को यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्लूजेयू) ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्रकारों के कल्याण व समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर लखीमपुर, बहराइच सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में यूपीडब्लूजेयू की इकाईयों ने कार्यक्रमों का आयोजन किया।

यूपीडब्लूजेयू के प्रदेश अध्यक्ष टी.बी. सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधमंडल शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिला और उन्हें पत्रकारों की समस्याओं व कल्याण संबंधी ज्ञापन सौंपा। उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को श्रम दिवस की बधाई देते हुए कहा कि वह इन मांगों पर जल्द से जल्द कारवाई कराने का पूरा प्रयास करेंगे।

टी.बी. सिंह के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल ने ब्रजेश पाठक को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश के सभी श्रमजीवी पत्रकारों को अधिवर्षता के उपरांत पेंशन से आच्छादित किया करने, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, प्रदेश के मुख्यालय व जिलों में पत्रकारों को रियायती दरों पर आवास अथवा भूखंड दिए जाने की योजना लाने, राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तरह जिला मान्यता प्राप्त एवं सभी श्रमजीवी पत्रकारों को पीजीआई में निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने, पीजीआई की तरह केजीएमयू एवं लोहिया अस्पताल में भी मान्यता प्राप्त पत्रकारों के निशुल्क इलाज की सुविधा दिये जाने, पत्रकारों के लिए सभी राजकीय अस्पतालों में पूर्व की भांति पर्चा व दवा के अलग काउंटर स्थापित किए जाने और असमय काल-कलवित होने वाले पत्रकारों के परिजनों को प्रदेश सरकार से पूर्व की भांति आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।

उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की मांगों से सहमति जताते हुए उन पर सहानुभूतिपूर्व विचार करने व निराकरण करवाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (आईएफडब्लूजे) के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ कलहंस, यूपीडब्लूजेयू के वरिष्ठ सचिव उत्कर्ष सिन्हा, संगठन सचिव आचार्य अजय त्रिवेदी व प्रदेश सचिव राजेश मिश्रा शामिल थे। 

राजधानी लखनऊ के कार्यक्रम के बाद यूपीडब्लूजेयू अध्यक्ष टी.बी. सिंह श्रम दिवस पर पत्रकारों के कार्यक्रम में शामिल होने बहराइच व लखीमपुर भी पहुंचे। लखीमपुर में श्रम दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद यूपीडब्लूजेयू जिला इकाई के अध्यक्ष कुलदीप पाहवा के नेतृत्व में पत्रकारों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

बहराइच में पत्रकारों ने यूपीडब्लूजेयू अध्यक्ष टी.बी. सिंह का स्वागत किया और जिला इकाई अध्यक्ष मसूद कादरी के नेतृत्व में पत्रकारों के कल्याण संबंधी ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News