ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान में छिड़ी जंग : 28 की मौत
दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) : दक्षिण पूर्वी ईरान में तीन अलग-अलग इलाकों में झड़प के बाद सुरक्षा बलों ने बंदूकधारियों द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ा लिया और इन झड़पों में 18 बंदूकधारी मारे गए और 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में रात में लड़ाई शुरू हुई
सरकारी समाचार एजेंसी ‘ईरना’ की खबर के मुताबिक, राजधानी तेहरान से लगभग 1,400 किलोमीटर दूर सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में रात में लड़ाई शुरू हुई जब बंदूकधारियों ने रस्क और सरबाज शहर में रिवोल्यूशनरी गार्ड की चौकियों और चाहबहार शहर में एक तट रक्षक स्टेशन पर गोलीबारी की।
सरकारी टीवी ने बताया कि बंदूकधारियों ने दो स्थानों पर कई नागरिकों को बंधक बना लिया और कुछ हमलावरों ने आत्मघाती जैकेट पहन रखी थी। सुरक्षा बलों के तीन क्षेत्रों पर नियंत्रण हासिल करने से पहले गोलीबारी शुरू हो गई। सरकारी टीवी ने कहा कि मारे गए 10 सुरक्षा कर्मियों में रिवोल्यूशनरी गार्ड और उससे जुड़े छह सैनिक, दो पुलिसकर्मी और तट रक्षक के दो सदस्य शामिल हैं।
आतंकी समूह जैश अल-अदल पर शक
खबर में कहा गया है कि कम से कम 10 अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। सरकारी मीडिया ने आतंकवादी समूह जैश अल-अदल को दोषी बताया है, जो कथित तौर पर जातीय अल्पसंख्यक समुदाय बलूच के अधिकारों के लिए संघर्ष का दावा करता है। हालांकि किसी भी समूह ने अब तक जिम्मेदारी नहीं ली है। ईरान की सुरक्षा एजेंसियां हमले के जिम्मेदार संगठनों का पता लगाने में जुटी हैं। ईरान में लगातार अशांति बढ़ती जा रही है। (एपी)
प्रतीकात्मक फोटो।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
भारतवंशी नवनीतम पिल्लै को शांति का नोबेल : अगर आप थोड़ी और तालियां बजाएंगे, तो शायद मैं यह पुरस्कार ट्रम्प के साथ बांट लूं- कसा तंज
प्रिय प्रधानमंत्री अंबानी और भारत का असली बॉस : एलन मस्क : मुकेश अंबानी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर तीखे तंज कसे