देश-विदेश
बांग्लादेश चुनाव में BNP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया : रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे
paliwalwani
बांग्लादेश.
बांग्लादेश में गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव के लिए मतदान हुआ है, इसके बाद वोटों की गिनती की जा रही है. करीब 18 महीने पहले जुलाई 2024 के छात्रों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद यह बांग्लादेश का पहला चुनाव है. बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) ने अपने पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी पर अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है.
बीएनपी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि अगर वह सत्ता में आती है, तो रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार का 18 महीने का शासन खत्म हो जाएगा. सुबह आए ताजा रुझानों के अनुसार, बीएनपी ने अब तक 151 सीटें जीत ली हैं. 300 सदस्यों वाली बांग्लादेश की संसद में यह बहुमत का आंकड़ा है.
अवामी लीग सरकार के पतन के बाद सत्ता संभालने वाली अंतरिम सरकार के स्थान पर हुए महत्वपूर्ण आम चुनावों के लिए मतगणना गुरुवार देर रात तक जारी रही. देश में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत बेगम खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी करीब 20 साल के बाद सरकार बना सकती है.
रॉयटर्स के मुताबिक बांग्लादेश के चुनावी नतीजों में बीएनपी ने बहुमत हासिल कर लिया है. वहीं, कट्टरपंथी दलों को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला. अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग की अनुपस्थिति में इस चुनाव को बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच सीधा मुकाबला हुआ.
इत्तेफाक अखबार द्वारा अब तक संकलित अनौपचारिक परिणामों के अनुसार, बीएनपी ने 158 सीटें, जमात ने 41 और अन्य ने पांच सीटें जीती हैं. 299 निर्वाचन क्षेत्रों में से 204 में मतगणना पूरी हो चुकी है. रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि बीएनपी ने चुनाव जीत लिया है.
- Reuters reports – Bangladesh Nationalist Party wins the parliamentary elections pic.twitter.com/yLtbPSsoix
- — ANI (@ANI) February 12, 2026





