राजस्थान
पेट्रोल पंप हड़ताल : राजस्थान में 5700 पेट्रोल पंप बंद, नहीं मिल रहा पेट्रोल-डीजल, जाने राज्य का ताजा हाल
Pushplata
राजस्थान में आज प्रदेशभर के पेट्रोप पंप बंद हैं। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर राज्य भर के पेट्रोल पंप संचालक सांकेतिक हड़ताल पर चले गए हैं। बुधवार सुबह 10 बजे से शुरू हुई यह हड़ताल दो दिन तक चलेगी। गुरुवार शाम 6 बजे तक प्रदेश के तमाम पेट्रोल पंप बंद रहने वाले हैं। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने का कहना है कि 'पहले दिन की हड़ताल सुबह दस बजे शुरू हुई है। जो शाम तक चलेगी। यानी पेट्रोल पंप शाम तक बंद रहेंगे। ऐसा ही गुरुवार को भी होगा। यानी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पेट्रोल-डीजल और सीएनजी नहीं मिलेगी।
5 हजार 700 से अधिक पेट्रोल पंप के इस हड़ताल में शामिल
भाटी ने बताया कि यह हड़ताल राजस्थान की गहलोत सरकार की ओर से पेट्रो-डीजल और सीएनजी पर लगाए गए अधिक वैट के खिलाफ की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यभर में निजी तौर पर संचालित 5 हजार 700 से अधिक पेट्रोल पंप के इस हड़ताल में शामिल हुए हैं।
सांकेतिक हड़ताल के बाद भी वैट कम नहीं तो...
बता दें कि इस हड़ताल को देखते हुए मंगलवार रात और बुधवार सुबह 10 बजे पहले तक पेट्रोल पंप पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। जबकि इसके बाद लोग खासे परेशान नजर आए। पेट्रोल पंप संचालकों की मानें तो राज्य सरकार यदि इस सांकेतिक हड़ताल के बाद भी वैट कम नहीं करती है तो 15 सितंबर से वो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। यदि ऐसा होता है तो प्रदेश के लोगों को खासी दिक्कतों को सामना करना पड़ सकता है।