अन्य ख़बरे
पश्चिम बंगाल में सियासी तनाव : अभिषेक बनर्जी के बाद टीएमसी के बड़े नेता कल्याण बनर्जी के साथ मारपीट : 'सिर पर ड्यूज बॉल से मारा...'
indoremeripehchan.in
पश्चिम बंगाल.
पश्चिम बंगाल में सियासी तनाव के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक और वरिष्ठ नेता पर हमले की खबर सामने आई है. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के साथ हुगली जिले में कथित तौर पर मारपीट की गई. घटना उस समय हुई जब वह चंडीतला थाने में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन सौंपने जा रहे थे.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रास्ते में कुछ प्रदर्शनकारियों ने कल्याण बनर्जी का विरोध किया. प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की. आरोप है कि इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और सांसद के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कल्याण बनर्जी को घेर लिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया.
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने इस हमले को लेकर कहा, ‘मैं अकेला आ रहा था; मेरे साथ कोई नहीं था. BJP सदस्यों ने गाली-गलौज की और मेरे सिर पर ड्यूज बॉल से मारा. मेरे सिर से खून बह रहा है… अब लोग तय करेंगे कि यह सही है या गलत कि सांसदों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है…
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब शनिवार को ही में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी. अब पार्टी के एक और बड़े चेहरे कल्याण बनर्जी पर हुए हमले ने राज्य की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है.
टीएमसी नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है.





