Tuesday, 18 November 2025

इंदौर

देहरादून में राष्ट्रपति के आगमन के कारण लेट हुई फ्लाइट, इंदौर में एयरपोर्ट बंद होने से हुई निरस्त

indoremeripehchan.in
देहरादून में राष्ट्रपति के आगमन के कारण लेट हुई फ्लाइट, इंदौर में एयरपोर्ट बंद होने से हुई निरस्त
देहरादून में राष्ट्रपति के आगमन के कारण लेट हुई फ्लाइट, इंदौर में एयरपोर्ट बंद होने से हुई निरस्त

इंडिगो फ्लाइट का समय बदलने पर कर रही विचार...

इंदौर. जयपुर (Jaipur) से रात को इंदौर (Indore) आकर सुबह वापस जयपुर जाने वाली फ्लाइट (flight) कल लगातार तीसरी रात (third night) भी निरस्त रही। इसके कारण आज सुबह जाने वाली फ्लाइट को भी निरस्त किया गया। इस उड़ान के लगातार निरस्त होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की ही फ्लाइट (6ई-7148/7274) रात 10.20 बजे जयपुर से इंदौर आकर रात को यहीं रुकने के बाद सुबह 6.35 बजे वापस जयपुर जाती है, लेकिन कल लगातार तीसरी रात भी यह फ्लाइट जयपुर से इंदौर नहीं आई, जिसके कारण आज सुबह जाने वाली फ्लाइट भी निरस्त कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह फ्लाइट देहरादून से जयपुर होते हुए इंदौर आती है।

कल रात देहरादून एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होने के कारण यहां से संचालित होने वाली उड़ानों को कुछ समय के लिए होल्ड किया गया था। इसके कारण यह फ्लाइट देरी से जयपुर पहुंची। वहीं रात 10.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट बंद हो जाने के कारण इसे इंदौर लाना संभव नहीं था, जिसे देखते हुए इसे निरस्त करना पड़ा। इस फ्लाइट से इंदौर आने वाले सभी यात्रियों को कंपनी ने रिफंड, रीबुकिंग और जयपुर में ठहरने की व्यवस्था के विकल्प दिए।

यह सभी यात्री आज इंदौर पहुंचेंगे। वहीं इंदौर से सुबह जाने वाले यात्री भी विमान के न आने पर फ्लाइट निरस्त होने से अटक गए। यह यात्री भी आज दोपहर जयपुर के लिए रवाना होंगे। इससे पहले भी दो दिनों तक देहरादून में खराब मौसम के कारण यह फ्लाइट लेट होने पर निरस्त कर दी गई थी, जिससे सुबह की उड़ानों को भी निरस्त किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस ने 26 अक्टूबर 2025 से लागू हुए विंटर शेड्यूल में ही इस फ्लाइट की शुरुआत की है, लेकिन 26 अक्टूबर से अब तक यह फ्लाइट पांच बार निरस्त हो चुकी है। इसे देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस इस फ्लाइट का समय बदलने पर विचार कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि आज इसे लेकर दिल्ली में बैठक भी होने जा रही है। योजना है कि इस फ्लाइट को देहरादून के बजाय किसी और सेक्टर से जयपुर लाकर इंदौर लाया जाए।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News