अन्य ख़बरे
बिहार में खराब मौसम और वज्रपात की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत
paliwalwani
बिहार. बिहार में खराब मौसम और वज्रपात की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई है. दिल्ली दौरे से पटना लौटते ही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने बताया कि वज्रपात की इस ताजा घटना में औरंगाबाद में 2, गया में 3, सारण में 1 और खगड़िया में 1 व्यक्ति की असामयिक मृत्यु हुई है. उन्होंने कहा कि इतने लोगों की अचानक जान जाना अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और उनके परिजनों को इस मुश्किल समय में हौसला दें.
राज्य में वज्रपात की घटना में औरंगाबाद में 02, गया में 03, सारण में 1 और खगड़िया में 1 व्यक्ति की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है।शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।
मृतकों के परिजनों को तुरंत मिलेगा मुआवजा
इस हादसे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तुरंत बड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को आदेश दिया है कि वज्रपात का शिकार हुए सभी मृतकों के परिजनों को बिना किसी देरी के 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि तुरंत दी जाए. सरकार की कोशिश है कि पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में जल्द से जल्द आर्थिक संबल मिल सके. इसके लिए विभाग के अधिकारियों को कागजी प्रक्रिया फटाफट पूरी करने को कहा गया है.
खराब मौसम में घरों में रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग समय-समय पर जरूरी दिशा-निर्देश जारी करता है, लोग उसका सख्ती से पालन करें. उन्होंने जनता से कहा कि जब भी मौसम खराब हो, तो लोग यथासंभव अपने घरों के अंदर ही रहें. खेतों या पेड़ों के नीचे जाने से बचें और पूरी तरह सुरक्षित रहें.





