छत्तीसगढ़

भाजपा नेता की कार से टक्कर में कांग्रेस नेता की मौत : भाजपा नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

paliwalwani
भाजपा नेता की कार से टक्कर में कांग्रेस नेता की मौत : भाजपा नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
भाजपा नेता की कार से टक्कर में कांग्रेस नेता की मौत : भाजपा नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

छत्तीसगढ़. कोंडागांव जिले से शुक्रवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा नेता की कार से टक्कर के बाद कांग्रेस नेता हेमंत भोयर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया और कांग्रेस नेताओं ने इसे एक साजिश करार दिया।

मृतक हेमंत भोयर कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष थे। इसके साथ ही वे मुलमुला पंचायत में पंच के रूप में कार्यरत थे। वे कांग्रेस पार्टी के जुझारू और सक्रिय कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे।

यह दर्दनाक हादसा कोंडागांव के जिला अस्पताल के ठीक सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। जैसे ही हादसा हुआ, आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक का शव वहीं सड़क पर पड़ा रहा और परिजनों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शव के साथ धरना शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहन मरकाम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कोई साधारण हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के सक्रिय नेताओं को टारगेट कर रहे हैं।

हेमंत भोयर की मौत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और परिजन बड़ी संख्या में कोंडागांव थाना पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव किया और आरोपी भाजपा नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं और मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुलिस जानबूझकर आरोपी को बचा रही है और हादसे में प्रयुक्त वाहन को छुपाने का प्रयास कर रही है।

घटना के बाद सिर्फ राजनीतिक गलियारों में नहीं, बल्कि स्थानीय जनता में भी भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और न्याय के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इससे मृतक के परिजन और समर्थक और ज्यादा नाराज़ हैं। वे पुलिस और सरकार से पारदर्शी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News