खेल
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास : एक कदम दूर, इंग्लैंड ने जीता दिल : इंडिया फाइनल में 8 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा
paliwalwani
IND vs ENG T20 World Cup 2026 : टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम भारत ने इतिहास रच दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को सिर्फ 7 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गई है, जिन्होंने होस्ट देश होने के बावजूद टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई, इससे पहले केवल श्रीलंका ने 2012 में यह कारनामा किया था।
टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है. उसने चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री कर ली है. सूर्या ब्रिगेड ने मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में अंग्रेजों को 7 रनों से हराया और फाइनल में एंट्री की. यह लगातार दूसरा मौका है जब टीम इंडिया ने फाइनल का सफर तय किया है. आखिरी बार 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ना सिर्फ फाइनल में पहुंची थी, बल्कि खिताब जीतने में भी सफल रही थी. अब टीम इंडिया फाइनल में 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन की तूफानी अर्धशतकीय पारी (42 गेंदों में 89 रन, 8 चौके, 7 छक्के) की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड को 254 रन का लक्ष्य दिया गया। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में केवल 246 रन पर 7 विकेट ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने 105 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन भी बेहद प्रभावशाली रहा। हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
टी-20 वर्ल्डकप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (253 रन) बनाया। सबसे बड़ा स्कोर 260 रन है, जो 2007 में केन्या के खिलाफ श्रीलंका ने बनाया था। भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में दूसरी बार 250 रन का आंकड़ा पार किया है; इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में 256 रन बनाए थे।
टी20 विश्व कप के इतिहास में यह टीम इंडिया की चौथी फाइनल एंट्री है। इससे पहले भारत ने 2007 में फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, 2014 में श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में हार का सामना किया और 2024 में साउथ अफ्रीका को हराकर चैंपियन बनी थी।
टीम इंडिया के पास एक और ऐतिहासिक मौका
फाइनल में प्रवेश के साथ टीम इंडिया के पास एक और ऐतिहासिक मौका भी है। अगर भारत फाइनल में न्यूजीलैंड को हराता है, तो वह पहली होस्ट टीम बन जाएगी, जिसने टी20 विश्व कप का खिताब जीता है। साथ ही, यह टीम पहली बार बैक टू बैक खिताब जीतने वाली टीम बनने का भी मौका पा रही है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी की और टीम को सेमीफाइनल तक ले जाने में सफल रहे। अब सभी की नजरें फाइनल पर हैं, जहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया का यह सफर न केवल रोमांचक रहा, बल्कि क्रिकेट इतिहास में दर्ज होने वाला एक अहम अध्याय भी बन गया है।
वानखेड़े में छक्कों का ‘महातूफान’
- T20 WC मैच में सबसे ज़्यादा छक्के
- 34- भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई WS, 2026 SF*
- 31- वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, मुंबई WS, 2026
- 30- नीदरलैंड बनाम आयतरलैंड, सिलहट, 2014
- 28- भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026
- 25- इंग्लैंड बनाम इटली, कोलकाता, 2026
19 साल का इतिहास बदल गया
टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए थे, जिसमें 19 छक्के शामिल थे. 254 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भी 7 विकेट खोकर 246 रन बना दिए. इंग्लैंड की तरफ से 15 छक्के लगे. इस तरह मैच में कुल 34 छक्के लग गए. ऐसा 2007 से लेकर 2024 के सीजन में कभी नहीं हुआ था, लेकिन इस एडिशन में यह कमाल हो गया है. सेमीफाइनल में 254 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 30 रन चाहिए थे, लेकिन सिर्फ 22 रन ही बन सके और उन्हें 7 रनों से हार मिली.
संजू और बेथेल ने मिलकर मारे 14 छक्के
इस मुकाबले में भारत के लिए जहां संजू सैमसन ने 42 बॉल पर 8 चौके और 7 छक्के उड़ाए, तो वहीं इंग्लैंड की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज जैकब बेथेल रहे, जिन्होंने सेमीफाइनल में शानदार शतक जड़ा. जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए. यह उनके T20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक रहा. मगर बेथेल के इस शतक के बावजूद इंग्लैंड की टीम जीत से दूर रह गई. संजू और बेथेल के छक्के जोड़ लें तो कुल 14 होते हैं.





