पत्नी से झगड़े के बाद पति ने दो साल के बेटे को मार डाला : गोद में शव रखकर रातभर रोती रही मां
बांसवाड़ा.
बांसवाड़ा में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने दो साल के बेटे को मार डाला। आपसी कहासुनी और विवाद के बाद पत्नी घर से चली गई थी। गुस्से में आरोपी ने अपने दोनों बेटों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेरहमी से पीटने के बाद दो साल के बेटे को उठाकर जमीन पर पटक दिया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, साढ़े तीन साल का बड़ा बेटा घायल हो गया।
घटना आनंदपुरी थाना इलाके के जुनी टिंबी गांव में 8 नवंबर 2026 (दिवाली) की रात करीब 10 बजे हुई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। बच्चे का शव गोद में लेकर मां रातभर रोती रही। अगले दिन सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की रिपोर्ट पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पत्नी के घर से जाने के बाद बच्चों से मारपीट की
SI शिशुपाल सिंह ने बताया- दिवाली की रात खेमराज पारगी (27) और उसकी पत्नी सुनीता (25) के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद महिला पड़ोस में अपने रिश्तेदार के घर चली गई। पत्नी के जाने के बाद गुस्से में पति ने अपने ही दोनों बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बेरहमी से मारपीट के बाद खेमराज ने दो साल के बेटे को उठाकर जमीन पर पटक दिया। वह अचेत हो गया। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे।
घरवालों के पहुंचने से पहले आरोपी फरार
लोगों ने दोनों बच्चों को संभाला। बच्चों की मां सुनीता समेत अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी। घरवालों के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। मारपीट से अचेत दो साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस को सूचना देने और बच्चे को हॉस्पिटल ले जाने के बजाय शव को घर पर ही रखा गया।
घटना के दूसरे दिन पुलिस को मिली सूचना
SI शिशुपाल सिंह ने बताया- 9 नवंबर 2026 को दोपहर में जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बच्चों को आनंदपुरी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां दो साल के बच्चे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बच्चे का इलाज किया गया।
शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। शाम होने के बाद पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →