दिल्ली
देश के 15 वें राष्ट्रपति के चुनाव : मुर्मू को निर्णायक बढ़त, 17 MP ने की पक्ष में क्रॉस वोटिंग
Paliwalwani
नई दिल्ली : देश के 15 वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। नतीजे शाम तक आने की संभावना है। मतगणना का कार्य उसी कमरा नंबर 63 में हो रहा है जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम में बदल कर मतपेटियां रखी गई हैं। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है। तीसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कुल वैध मतों के 50 फीसदी मत हासिल किए। देश की अगली राष्ट्रपति बनना तय हुआ।
मुर्मू को अब तक कुल 2161 वोट मिले
कुल वैध वोट 3219 हैं जिसका कुल मूल्य 8,38,839 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 मूल्य के 2161 वोट मिले हैं। यशवंत सिन्हा को 2,61,062 मूल्य के 1058 वोट मिले.
तीसरे राउंड में द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले
तीसरा दौर की मतगणना में कर्नाटक, केरल, एमपी, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब के वोटों की गिनती हुई। इस दौर में कुल वैध मत 1,333 रहे। वैध मतों का कुल मूल्य 1,65,664 है। द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले, जबकि यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले.
17 सांसदों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की
सूत्रों के मुताबिक 17 सांसदों ने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। तीसरे राउंड की गिनती में मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल चुकी है और उनकी जीत तय मानी जा रही है.