दिल्ली
दिल्ली सरकार के सभी कर्मचारी सप्ताह में दो दिन घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करेंगे
paliwalwani
दिल्ली. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद आज सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएम रेखा गुप्ता ने बैठक में 10 बड़े एलान किए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'समझदारी से खर्च' और ईंधन बचत की अपील के अनुरूप दिल्ली सरकार ने गुरुवार को ईंधन खपत कम करने और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटाने के लिए कई बड़े कदमों की घोषणा की।
50 प्रतिशत बैठकें ऑनलाइन होंगी
दिल्ली सरकार अपनी फिजिकल बैठकों में कटौती करेगी और 50% बैठकें ऑनलाइन करेंगी। दिल्ली सरकार के मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी अगले एक साल तक विदेशी टूर नहीं करेंगे। दिल्ली की जनता से अपील की कि सभी लोग सप्ताह में एक दिन बगैर अपने वाहन के चलें। दिल्ली सरकार अगले छह माह तक कोई भी वाहन नहीं खरीदेगी।
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली सरकार के सभी कर्मचारी सप्ताह में दो दिन घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करेंगे। इसके अलावा, सरकारी यात्रा और ईंधन उपयोग कम करने के लिए 50 प्रतिशत आधिकारिक बैठकों को ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली सरकार और Municipal Corporation of Delhi (एमसीडी) कार्यालयों के समय में भी बदलाव करेंगे, ताकि पीक आवर्स में ट्रैफिक जाम और ईंधन खपत को कम किया जा सके। सरकार नागरिकों को ईंधन बचत और जिम्मेदार उपभोग के लिए प्रेरित करने हेतु विशेष अभियान भी शुरू करेगी।
सरकारी वाहनों के उपयोग में कटौती करने का भी फैसला लिया गया है। अधिकारियों को दिए जाने वाले पेट्रोल कोटे में 20 प्रतिशत की कमी की गई है, जिसके बाद मासिक सीमा 200 लीटर कर दी गई है।
सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में “मेट्रो डे” मनाया जाएगा, जबकि लोगों से सप्ताह में एक दिन “नो कार डे” अपनाने की अपील भी की जाएगी। दिल्ली सरकार ने अगले छह महीनों तक कोई नया वाहन नहीं खरीदने का भी निर्णय लिया है। सरकारी कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने हेतु 29 सरकारी कॉलोनियों में 58 विशेष बसें चलाई जाएंगी।
ये कदम ऐसे समय में उठाए गए हैं जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों से अनावश्यक ईंधन खपत कम करने, सोने जैसी गैर-जरूरी खरीदारी टालने और विदेशी मुद्रा भंडार की सुरक्षा के लिए गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की अपील की है।
दफ्तरों का समय भी बदला
हर सोमवार को अधिकारी और कर्मचारी जितना संभव होगा, मेट्रो का उपयोग करेंगे। कार्यालय का समय बदल गया है। दिल्ली सरकार के कार्यालय का समय अब 10:30 से शाम सात बजे तक रहेगा। दिल्ली नगर निगम के सभी कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम साढ़े 5:00 बजे तक काम करेंगे।
ये लिए 10 बड़े फैसले
1. एक सप्ताह में सरकारी दफ्तरों में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम रहेगा।
2. सोमवार को मंत्री और अधिकारी मेट्रो से ऑफिस जाएंगे।
3. 50 प्रतिशत बैठकें ऑनलाइन की जाएंगी।
4. दिल्ली सरकार का कोई भी मंत्री या अधिकारी अगले एक साल तक किसी भी आधिकारिक विदेश यात्रा पर नहीं जाएगा।
5. दिल्ली सरकार अगले तीन महीनों तक कोई भी बड़ा कार्यक्रम आयोजन नहीं करेगी।
6. दिल्ली सरकारी के अधिकारियों के लिए पेट्रोल और डीजल की सीमा में 20 प्रतिशत की कटौती की गई है।
7. दिल्ली के सरकारी ऑफिसों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच निर्धारित किया जाएगा।
8. पीएम मोदी की अपील के बाद दिल्ली में जागरूकता फैलाने के लिए एक अभियान चलाया जाएगा। यह 90 दिनों तक चलेगा।
9. दिल्ली सरकार सिर्फ 100 प्रतिशत 'मेड इन इंडिया' उत्पादों का ही इस्तेमाल करेगी।
10. दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि वह अगले छह माह तक कोई भी नया पेट्रोल, डीजल या इलेक्ट्रिक वाहन नहीं खरीदेगी





