इंदौर
इंदौरी चर्चे : देश-दुनिया में छाई अहिल्या नगरी, असीम संभावनाएं : मेक इन इंदौर का स्वप्न
नितिनमोहन शर्मा
-
नितिनमोहन शर्मा...✍️
-
मेक इन इंडिया का नारा देने वाले पंतप्रधान के सामने अब मेक इन इंदौर का स्वप्न
-
इंदोरियो की मेजबानी देख गदगद हुए मेहमान
-
प्रवासियों ने टटोली निवेश की भी सम्भावनाए
दूरदृष्टा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपका अभिनंदन। दिल्ली के तख्त पर आपका आगमन दो स्वप्न के साथ हुआ था। एक स्वच्छता मिशन। दूजा मेक इन इंडिया। आपके सफाई के सपने को हमारी अहिल्या नगरी इंदौर और उसके बाशिंदो ने एक नही, छ बार साकार किया।सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का बड़ा केंद्र बनकर देश ही नही दुनिया में आपका और भारत का मान बढ़ाया। मेक इन इंडिया के स्वप्न को भी अपने उन लोगो के जरिये पूरा कर रहे है जो देश और दुनिया मे कुछ मुकाम रखते है। पहचान रखते है। ऐसे सब लोग आपके इस ' जीवंत ' शहर में बीते दो दिन से मेहमान है। इन्दौर सेंट्रल इंडिया का एक असीम सम्भावनाओ से लैस शहर है। सफाई, आईटी, एजुकेशन, ई व्हीकल, आटोमोबाइल, फ़ूड, टूरिज्म, रियल स्टेट आदि हमारी पहचान बन चुके है। आपके मेक इन इंडिया के स्वप्न को साकार करती इस नगरी के लिए अब मेक इन इन्दौर के उदघोष की नितांत जरूरत है। आप है तो सब मुमकिन है। है न?
वाह भिया। आनंद आ गया। अपना इन्दौर तो देश ही नही, दुनिया के नक्शे पर छा गया। अब देश के नक्शे पर अपना नक्शा जम गया। देश के प्रधानमंत्री ने अपने इंदौर को जीवंत शहर की उपाधि दी है। ट्वीट करके। ये भी कहा कि में आ रहा हूं।सु-स्वागतम पंतप्रधान जी। अभिनंदन आपका। आज की 'मिजमानी ' आपकी सदारत में होना है। आज आप मेजबान है, मेहमानों के। आज के सहभोज का न्योता आपकी तरफ से है। सात समंदर पार से आये हमारे अपनो को आपकी अगुवाई में मालवा के सुस्वादु व्यंजनों का लुत्फ मिलने वाला है। मेहमान ही नही, हम इंदौरी मेजबान भी उस पल की प्रतीक्षा कर रहे है, जब आप अहिल्या नगरी में आये।
पंत प्रधानजी, 17 वे प्रवासी भारतीय सम्मेलन का जजमान बनाकर आपने इस अहिल्या नगरी इंदौर को धन्य किया। असीम सम्भावनाओ से लैस इस शहर में वे सारी क्षमताएं और अवसर उपलब्ध हैm जो देश की मेट्रोपॉलिटन सिटी में है। सफाई, आईटी, फ़ूड, टेक्सटाइल, आटोमोबाइल, रियल स्टे्ट, टूरिज्म आदि में आपका ये इन्दौर दुनिया के नक्शे पर अपना मुकाम तेजी से बनाता जा रहा है। आपने देश मे ' मेक इन इंडिया ' का नारा देकर हिंदुस्तान की तासीर ओर तकदीर बदलने का काम शुरू किया है। स्टार्टअप को इसमे सबसे ज्यादा अहमियत दी गई है। आपकी मंशा अनुरूप मध्यप्रदेश में इंदौर इसका केंद्र बन गया है। यहां 17 देशों के 40 से ज्यादा एनआरआई स्टार्टअप में निवेश करने जा रहे है।_
पंतप्रधान जी। इ-व्हिकल के जरिये पेट्रोल डीजल पर आत्मनिर्भरता कम करने के आपके भागीरथी प्रयासों को भी ये शहर गति दे रहा है। हम देश मे ई व्हीकल की डिमांड पूरी करने का भी केंद्र बनते जा रहे हैं। हमारे पीथमपुर में इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़ी दस नामचीन कम्पनियों ने काम भी शुरू कर दिया है। 1200 एकड़ में फैले स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क को हम ऑटो, फार्मा, फ़ूड इंडस्ट्री हब के रूप में विकसित कर चुके है। आईटी पार्क की सफ़लता के बाद हम दो नए आईटी पार्क और बनाने जा रहे है। इसके लिए 13 लाख वर्गफीट जमीन पर काम शुरू होने वाला है।_
महाँकाल लोक का स्वप्न साकार कर दिया
पंतप्रधान जी, आपकी अगुवाई में प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाँकाल लोक का स्वप्न साकार कर दिया। इस लोक से आपने हमारे प्रान्त में धार्मिक टूरिज्म की सम्भावनाओ को पंख दे दिये है। कूनो में चीतों को लाकर आपने इसे ओर बल दिया है। अब ओंकारनाथ भगवान आपकी बाट जोह रहे हैं। मांडू, खजुराहो, सांची, भेड़ाघाट, अमरकंटक, महेश्वर, ओरछा के संग संग इस प्रान्त को दो दो ज्योतिर्लिंगों का असीम आशीर्वाद प्राप्त है। इंदौर तो सौभाग्यशाली है। एक तरफ महाँकाल राजा, दूजी तरफ ओंकार नरेश। महज सौ-सवा सौ किमी के फासले पर दोनो ज्योतिर्लिंगों की मौजूदगी इंदौर को पर्यटन के क्षेत्र में अटूट सम्भावनाओ से भरती है।_
इन्दौर अब सेंट्रल इंडिया की ग्लोबल सिटी
पंतप्रधान जी। आपका इंदौर अब सेंट्रल इंडिया की ग्लोबल सिटी बन गया है। इसके पीछे आपका चिंतन शामिल है। आपने दुनिया के नामचीन देशों को इन्दौर आने का न्योता दिया। अब ये शहर आपके मार्गदर्शन में प्रवासी सम्मेलन के बाद जी-20 देशों की अहम बैठक की भी मेजबानी करने जा रहा है।_
इंदौर को इंडिया का नया ब्रांड मुक़र्रर
पंतप्रधान जी। हमने कल इंदौर को इंडिया का नया ब्रांड मुक़र्रर किया है। आपके दम पर। आपके सफाई के सपने को इस शहर और यहां के बाशिंदों ने पूर्ण किया। एक नही, छ बार। सफाई मिशन आपका पहला स्वप्न था। दूसरा सपना आपका मेक इन इंडिया का है। उम्मीद है आप अपने स्वप्न 'मेक इन इंडिया' में हमारे इंदौर को भी शामिल करेंगे। एक नए नारे के साथ-मेक इन इंदौर...!!_