राजस्थान में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत : झुंझुनूं में सड़क बनाते समय मशीन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई

विज्ञापन

झुंझुनू / उदयपुरवाटी.

  • राजस्थान में झुंझुनूं के उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सोमवार सुबह 10 बजे सड़क बना रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। 5 लोग झुलस गए। उनका उदयपुरवाटी सीएचसी में इलाज चल रहा है।

उदयपुरवाटी SHO रामपाल ने बताया- हादसा छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे से करीब 150 मीटर दूर हुआ। रोड़ी-बजरी मिलाने के काम में आने वाली एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई।

इससे उसमें करंट दौड़ गया। वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हाईवोल्टेज लाइन का तार रोड़ी-बजरी (कंक्रीट) मिक्सर मशीन के हाइड्रोलिक जैक से टच हुआ था। घटना के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।

हादसे में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23), छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की मौत हो गई।

मशीन के बिजली लाइन से टच होने पर हादसा

उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया- सीसी सड़क का काम चल रहा था। बजरी मिलाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। जिससे नीचे काम कर रहे मजदूरों को करंट लग गया और उनकी मौत हो गई। पीएम मोदी ने दुख जताया, 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान

घायलों को उदयपुरवाटी सीएचसी लाया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है। सीएचसी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने बताया- प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही है। पोल और बिजली लाइन पेड़ के टच हो रहे हैं। लाइन काटने के लिए फोन किया तो ग्रिड सबस्टेशन (जीएसएस) पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

  • रोडी-बजरी मिक्सर के जैक के संपर्क में आया था तार : हाईवोल्टेज लाइन के तार से रोड़ी-बजरी मिक्सर का हाइड्रोलिक जैक संपर्क में आया था। मशीन पर काम कर रहे मजदूर उसके चपेट में आए।

इन 8 लोगों की हुई मौत : हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30) पुत्र शंकर लाल, मंगलचंद (22) पुत्र गिरधारीलाल गुर्जर, कालूराम गुर्जर (29) पुत्र भीखाराम गुर्जर और पवन गुर्जर (23) पुत्र जगदीश गुर्जर। ये चारों एक ही परिवार के थे।

छापोली निवासी विष्णु सैनी (38) पुत्र नानूराम सैनी, सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30) पुत्र महावीर सैनी, मुकेश सैनी (27) पुत्र शंकरलाल सैनी और फतेहचंद सैनी (32) पुत्र जगदीश।

ये पांच लोग हुए घायल : छापोली निवासी महेंद्र पुत्र बनवारी लाल सैनी, गीता देवी (45) पत्नी मदन लाल मेघवाल, संतरा देवी (35) पत्नी सतीश मेघवाल, गिदाराम (45) पुत्र धन्नाराम सैनी और मंजू देवी (38) पत्नी राजेश कुमार घायल (झुलसे) हैं।

पूर्व मंत्री बोले- ये राजनीति करने का मुद्दा नहीं

पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा- हर मृतक के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी दी जानी चाहिए। ये कोई राजनीति करने का मुद्दा नहीं है। ये वक्त पीड़ित लोगों के साथ खड़े होने का है। उनका पुनर्वास कैसे हो, ये देखना चाहिए। कलेक्टर को यहां आकर परिवारों को आश्वासन देना चाहिए। विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook