पालीवाल समाज इंदौर में अन्नकूट पर भी अधिकार जताने की होड़? समाजसेवा के रास्ते में आखिर क्यों खड़ी की जा रही हैं बाधाएं?

विज्ञापन

किसी भी प्रकार से कोई समाजबंधु से शुल्क लेकर किया जाने वाला कार्यक्रम नहीं है...!

भगवान के कार्य में कैसी आपत्ति? समाज का अन्नकूट समाज के सहयोग से, चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ का आयोजन स्वयं के खर्च से…फिर विवाद किस बात का? 

नैवेद्य पुरोहित

पालीवाल ब्राह्मण समाज 44 श्रेणी, इंदौर में धार्मिक आयोजनों को लेकर एक ऐसा सवाल खड़ा हो गया है, जिस पर समाज के प्रत्येक जागरूक व्यक्ति को विचार करना चाहिए। आखिर भगवान श्री चारभुजानाथ के नाम पर होने वाले अन्नकूट महोत्सव से किसी को क्या आपत्ति हो सकती है? और यदि कोई समाजबंधु अपनी निजी आर्थिक व्यवस्था से धार्मिक आयोजन कर रहा है, तो उसे रोकने अथवा उसके आयोजन के स्वरूप पर सवाल खड़े करने का औचित्य क्या है...?

मामला श्री चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ, इंदौर द्वारा आयोजित अन्नकूट महोत्सव एवं महाप्रसादी का है, जिसके संयोजक संतोष जोशी (संटू) हैं। 13 नवंबर 2026 को प्रस्तावित इस आयोजन को लेकर ऐसी बातें सामने आ रही हैं कि आयोजक से अन्नकूट की तारीख बदलने अथवा आयोजन के नाम से 'अन्नकूट' शब्द हटाने की बात कही जा रही है। यहां तक कि पहले समाज का अन्नकूट होने और उसके बाद ही अलग आयोजन करने जैसी बातों का भी उल्लेख किया जा रहा है। यदि यह बातें सही हैं, तो समाज के जिम्मेदार पदाधिकारियों को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए कि आखिर एक धार्मिक आयोजन को लेकर ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न की जा रही है?

श्री बड़े गणपति जी को प्रथम निमंत्रण, विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ 

श्री चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ, इंदौर द्वारा आयोजित अन्नकूट महोत्सव के अंतर्गत होने वाली महाप्रसादी का प्रथम निमंत्रण आज शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 को बड़े गणपति जी के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात अर्पित किया गया।

इस अवसर पर श्री पालीवाल ब्राह्मण समाज 44 श्रेणी, इंदौर के कार्यकारिणी सदस्य एवं श्री चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ, इंदौर के व्यवस्थापक ओमप्रकाश जोशी, मुकेश गोपीलाल जी व्यास, कमलेश बागोरा, राजेश सोनी तथा अन्नकूट महोत्सव के संयोजक संतोष जोशी (संटू) उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ प्रारंभ हुए इस आयोजन के बीच उठ रहे विवाद ने अब समाज के भीतर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

यहां एक महत्वपूर्ण तथ्य को समझना आवश्यक है। पालीवाल ब्राह्मण समाज 44 श्रेणी, इंदौर का पारंपरिक अन्नकूट समाज के सभी परिवारों के सहयोग से आयोजित होता है। समाजबंधु अपनी-अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार सहयोग राशि देते हैं और उसी सामूहिक सहयोग से आयोजन संपन्न होता है। यह समाज की सामूहिक आस्था, सहभागिता और परंपरा का प्रतीक है।

वहीं दूसरी ओर, श्री चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ द्वारा आयोजित अन्नकूट महोत्सव उनकी स्वयं की आर्थिक व्यवस्था से किया जाता है। यह किसी भी प्रकार से कोई समाजबंधु से शुल्क लेकर किया जाने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उनकी व्यक्तिगत श्रद्धा और सेवा भावना से जुड़ा आयोजन है! 

जब एक आयोजन समाज के सामूहिक सहयोग से होता है और दूसरा अपनी जेब से कर रहा है, तो दोनों के बीच टकराव की स्थिति आखिर क्यों बनवाई जा रही है?

क्या समाज की धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत प्रयासों का स्वागत नहीं होना चाहिए...? क्या समाज के किसी भी परिवार अथवा व्यक्ति को अपनी श्रद्धा के अनुसार भगवान के लिए अन्नकूट आयोजित करने का अधिकार नहीं होना चाहिए...? 

वर्षों से पैदल यात्रा करवाने वाले समाजसेवी के आयोजन पर सवाल क्यों...? 

संतोष जोशी (संटू भैया) का सामाजिक योगदान किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वे वर्षों से श्री चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ इंदौर के तत्वाधान में श्री चारभुजा जी गढ़बोर तक पैदल यात्रा का आयोजन करवाते आ रहे हैं। चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ की इस प्रतिष्ठित पैदल यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहती है और यात्रा निःशुल्क आयोजित की जाती है। पैदल यात्री संघ द्वारा हर आयोजन निःशुल्क आयोजित किया जाता है।

अतीत में भी ऐसे उदाहरण है कि श्री चारभुजानाथ पैदल यात्री संघ द्वारा आयोजित हर कार्यक्रम भव्य स्तर पर निःशुल्क आयोजित किया गया है। पूर्व में भी पैदल यात्री संघ द्वारा 456 भोग महाप्रसादी के बाद पुनः 1156 भोग 1 महाप्रसादी समाज के सभी भक्तों के लिए एवं इंदौर से चारभुजा जी फाग महोत्सव के अंतर्गत पांच बसों से समाज के भक्तों को फाग के दर्शन कराए गए थे।

500 लोगों को मथुरा वृंदावन गिरिराज जी परिक्रमा की यात्रा कराई गई थी। समाजसेवा के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय ऐसे व्यक्ति द्वारा यदि अपनी श्रद्धा से अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, तो समाज के जिम्मेदार लोगों का दायित्व उसका उत्साहवर्धन करना होना चाहिए।

ऐसे नेक कार्यों के बावजूद यदि जिम्मेदारों द्वारा अन्नकूट शब्द हटाने के लिए कहा जा रहा है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर ऐसी आपत्ति का आधार क्या है...? क्या किसी धार्मिक आयोजन के नाम पर भी अब अधिकार और वर्चस्व की लड़ाई लड़ी जाएगी...? 

समाज का पद समाजसेवा के लिए है, व्यक्तिगत अधिकार जताने के लिए नहीं! 

समाज के पदाधिकारी समाज की एकता, परंपराओं और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए चुने जाते हैं। उनका दायित्व समाजबंधुओं को साथ लेकर चलना है, न कि किसी व्यक्ति की श्रद्धा और सेवा भावना को सीमित करना। यदि किसी आयोजन की तारीख, व्यवस्था अथवा परंपरा को लेकर कोई वास्तविक समस्या है, तो उस पर बैठकर चर्चा की जा सकती है। संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जा सकता है। लेकिन किसी व्यक्ति को यह कहना कि पहले समाज का अन्नकूट होगा...उसके बाद तुम्हारा आयोजन होगा...अथवा आयोजन से अन्नकूट शब्द ही हटा दिया जाए...ऐसी बातों का औचित्य समाज के सामने स्पष्ट होना चाहिए।

  • समाज का अन्नकूट अपनी जगह सम्माननीय है और किसी समाजबंधु का निजी धार्मिक आयोजन भी अपनी जगह श्रद्धा का विषय है।

  • समाज की परंपरा का सम्मान होना चाहिए, लेकिन परंपरा के नाम पर किसी की व्यक्तिगत श्रद्धा को रोकना कहां तक उचित है...? 

समाज के माननीय अध्यक्ष-मंत्री महोदय एवं सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करें। यदि कोई वास्तविक कारण है, तो उसे समाज के सामने आगामी साधारण सभा में रखा जाए। यदि कोई गलतफहमी है, तो उसे दूर किया जाए। क्योंकि समाज के भीतर ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न होना, जहां समाजसेवा करने वाले व्यक्ति को अपने ही धार्मिक आयोजन के लिए सवालों का सामना करना पड़े, निश्चित रूप से चिंताजनक है।

समाज को जोड़ना है या आयोजन के नाम पर दीवारें खड़ी करनी हैं...? 

आज समाज को आवश्यकता है अधिक से अधिक रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं। प्रगतिशील सोच के साथ हर आर्थिक, धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों को बढ़ाया जाएं। ऐसे आयोजन समाज के परिवारों को जोड़ते हैं, युवाओं को धार्मिक परंपराओं से परिचित कराते हैं और सामाजिक सहभागिता को मजबूत बनाते है। यदि कोई व्यक्ति अपनी निजी आर्थिक व्यवस्था से ऐसा आयोजन कर रहा है, तो उसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उसके रास्ते में बाधाएं खड़ी करने के बजाय समाज को उसके साथ खड़ा होना चाहिए।

कहीं ऐसा तो नहीं कि समाजसेवा के नाम पर बढ़ती व्यक्तिगत प्रतिष्ठा कुछ लोगों को असहज कर रही है...?  यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि समाज में पद और प्रतिष्ठा कभी स्थायी नहीं होते, लेकिन समाजसेवा और श्रद्धा से अर्जित सम्मान पीढ़ियों तक याद रखा जाता है।

सत्ता और पद पर बैठे लोगों को यह समझना होगा कि समाज का विश्वास आदेशों से नहीं, बल्कि व्यवहार, पारदर्शिता और सेवा भावना से अर्जित किया जाता है। अहंकार और वर्चस्व की भावना यदि सामाजिक कार्यों पर हावी होने लगे, तो उसका नुकसान किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज को उठाना पड़ता है। और हमारे पालीवाल समाज ने अतीत में ऐसे नुकसान उठाएं है! 

भगवान के कार्य में विघ्न डालने के बजाय, भगवान के कार्य में सहभागी बनिए

समाज का अन्नकूट भी भव्य हो, पैदल यात्री संघ का अन्नकूट भी सफल हो और समाज के प्रत्येक परिवार को अपनी श्रद्धा के अनुसार धार्मिक आयोजन करने का अवसर मिले। यही सामाजिक समरसता है, यही समाजसेवा है और यही हमारी परंपरा की वास्तविक भावना है। ईश्वर चारभुजानाथ के कार्य में विघ्न उत्पन्न करने का प्रयास करने वाले को ऊपरवाला देख रहा है, इतिहास उन्हें किस रूप से याद रखेगा, यह तो वक्त ही बताएगा! 

पालीवाल सखी परिवार बरसों से हमारे समाज की महिलाओं को मुख्यधारा में लाने का प्रयास करता आ रहा है। सभी महिलाओं को वोट देने के अधिकार संबंधी मुद्दे पर हमेशा मुखर रहा है। आज एआई और तकनीक के इस दौर में भी, जब दुनिया चांद-तारों से आगे की सोच रही है, हमारे समाज में चुनाव के दौरान केवल पुरुषों को ही मतदान का अधिकार है।

यह बात स्वीकार करते हुए भी गहरी शर्म और पीड़ा महसूस होती है कि देश की आज़ादी के लगभग 80 वर्षों बाद भी हम अपनी ही आधी आबादी यानी हमारी माताओं, बहनों और बेटियों को उनका बुनियादी लोकतांत्रिक हक नहीं दे पाए हैं। याद कीजिए 31 मार्च 1959 का वह ऐतिहासिक दिन, जब साधारण सभा में अध्यक्ष श्रद्धेय स्वर्गीय टेकचंद जी दवे के निर्देशन में और तत्कालीन मंत्री स्वर्गीय चतुर्भुज जी जोशी द्वारा समाज का पहला संविधान पारित किया गया था।

उस दौर में हमारे संविधान के शिल्पकारों और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ताओं ने इस पवित्र मसौदे को इसी सोच के साथ तैयार किया था कि हमारी यह संस्था समय के साथ और अधिक प्रगतिशील बनेगी, रूढ़िवादी विचारों को कुप्रथाओं को पीछे छोड़ेगी और राष्ट्र निर्माण में अपना हरसंभव योगदान देगी। उन्होंने यह भी माना था कि समय की मांग के अनुसार इस संविधान में आवश्यक बदलाव भी किए जाने चाहिए।

किंतु यह हमारे समाज का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि साठ-सत्तर साल पहले हमारे पुरखों ने जो दूरदर्शी सोच रखी थी, हम उसे आगे बढ़ाना तो दूर, समय के साथ अपनी बहनों-बेटियों को उनका जायज अधिकार देने में भी दशक दर दशक पीछे छूटते चले गए। आज भी जब समाज के त्रैवार्षिक चुनाव आते हैं, तो किसी भी पैनल या प्रत्याशी के घोषणापत्र में महिलाओं के मताधिकार और उनके अधिकारों की बात तक नहीं होती।

पालीवाल सखी परिवार एक बार फिर श्री पालीवाल ब्राह्मण समाज 44 श्रेणी, इंदौर के समस्त प्रबुद्ध जनों, युवा शक्ति और वरिष्ठों से यह पुरज़ोर अपील करता है कि समाज के चुनावों में ‘सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार’ (Universal Adult Franchise) को लागू किया जाए। हर वयस्क महिला-पुरुष को वोट देने का अधिकार मिले, ताकि समाज का हर फैसला सर्वसमावेशी हो।

आइए, अपने पुरखों के प्रगतिशील विचारों को सच करें और आधी आबादी को उनका हक देकर समाज को सही मायनों में आधुनिक और सशक्त बनाएं। बदलाव की शुरुआत अब और टली तो इतिहास हमें कभी माफ नहीं करेगा। समाज को जोड़िए, समाजसेवा को प्रोत्साहित कीजिए। भगवान के नाम पर होने वाले आयोजनों को प्रतिष्ठा की लड़ाई मत बनाइए। क्योंकि समाज का वास्तविक गौरव पद में नहीं, सेवा में है। और समाज की वास्तविक शक्ति किसी एक व्यक्ति में नहीं, बल्कि उसकी एकता में है।

#पालीवाल_सखी #पालीवाल_गौरव #पालीवाल_वाणी #पालीवाल_ब्राह्मण_समाज_44श्रेणी_इंदौर #श्री_चारभुजानाथ_पैदल_यात्री_संघ 

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook