टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में बड़ा एक्शन, आयशर मालिक गिरफ्तार, तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित

विज्ञापन

देवास. आलीराजपुर के बेहड़वा गांव से कैरम सिंह गिरफ्तार, अपनी स्विफ्ट कार से शराब ले जा रहे आयशर की पायलटिंग करने का आरोप, हरदा कलेक्टर ने पाटेन्द्र जायसवाल की टिमरनी स्थित तीन शराब दुकानों के लाइसेंस किए निलंबित, सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल सहित दो आबकारी आरक्षक भी निलंबित।

मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने के बाद मौत हो गई।

रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई इस घटना में टीआई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

पुलिस के मुताबिक, टीआई दिलीप पुरी को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वे पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पहुंचे। नेमावर पुलिस भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस टीम को ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला।

टीआई पुरी ने ट्रक चालक को बाहर आने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा। इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में दो घंटे तक चला इलाज, डॉक्टर नहीं बचा सके जान

घायल टीआई को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की। डॉक्टर शैलेन्द्र के मुताबिक, टीआई की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। उनके शरीर से काफी खून बह चुका था और कई अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। शरीर पर कई फ्रैक्चर भी थे।

डॉक्टरों ने सीपीआर और अन्य उपचार के जरिए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाद चालक ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कराया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत के अनुसार, ट्रक का बेस सामान्य ट्रकों से करीब दो फीट ऊंचा है और उसके कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी। शराब की कुल मात्रा और उसे कहां से लाया गया था, इसकी जानकारी गिनती पूरी होने के बाद सामने आएगी।

जांच के लिए एसआईटी गठित, एसपी ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलने पर देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में भरी शराब कहां से लाई गई थी और इस तस्करी में कौन-कौन शामिल था।

शराब ठेकेदार के कर्मचारियों से पूछताछ, दुकान सील

बताया जा रहा है कि घटना में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने बताया कि टिमरनी की शराब दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

हालांकि, राहुल जायसवाल ने शराब कारोबार से अपना संबंध होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई शराब की दुकान नहीं है। उनके मुताबिक, संबंधित दुकान उनके रिश्तेदार पाटन जायसवाल की है और वहां भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं। राहुल जायसवाल ने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और उनका मुख्य कारोबार बसों तथा पेट्रोल पंप से जुड़ा है।

तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह, गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई विदाई

पोस्टमॉर्टम के बाद टीआई दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया। पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी और परिजन पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हुए।

दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल के निवासी थे। परिवार में उनकी पत्नी कविता, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी कृषक होने के साथ कांग्रेस नेता भी हैं। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव बरमण्डल में राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की जानकारी दी गई है।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook