पटना के राजवंशी नगर में एक पिजड़े में दुनिया के सबसे जहरीले सांपों की प्रजाति में शामिल रसल वाइपर पाया गया है। मुंह से जहर की फुहार मारने वाले इस खतरनाक सांप के जहर से इंसान अंधा हो सकता है। शरीर पर इसका जहर पड़ने से अंग गल जाता है। DAV स्कूल के पास पिजड़े में मिले सांप को देख लोगों ने पूजा शुरू कर दी। एक सामाजिक कार्यकर्ता को सांप देखने के बाद रसल वाइपर का शक हुआ और उन्होंने DFO को फोन कर आनन फानन में रेस्क्यू कराया। वन विभाग की टीम सांप को पिजड़े के साथ ले गई। अब जांच की जा रही है कि दुनिया का यह खतरनाक सांप पटना में पिजड़े में कहां से आया?
'सुबह सूचना मिली कि पिजड़े में सांप मिला है। भीड़ लगी है। लोग उसकी पूजा कर रहे हैं। सूचना देने वाले से तत्काल सांप की फोटो मांगी। सांप की फोटो और वीडियो देख दंग रह गए। रसैल वाइपर की प्रजाति के सांप होने का शक हुआ। तत्काल मौके पर पहुंचे और भीड़ को पिजड़े से दूर कराया'।
वन विभाग की टीम ने रसल वाइपर की पुष्टि की और रेस्क्यू कर पिजड़े के साथ सांप को अपने साथ ले गई। वन अधिकारियों ने बताया- 'रसल वाइपर दुनिया के खतरनाक सांपों की प्रजाति में से एक है। इसके काटने के बाद इंसान 30 मिनट भी जिंदा नहीं रह पाता है। इंसान खून की उल्टी करने लगता है और मसूड़ों से भी खून आने लगता है। इससे खून तेजी से गाढ़ा हो जाता है, जिससें हार्ट से लेकर शरीर का अन्य अंग भी काम करना बंद कर देता है'