MP में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे थानों के भीतर भी फायरिंग करने से नहीं डर रहे। सतना जिले के जैतवारा थाना परिसर में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक युवक ने थाने के अंदर प्रधान आरक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से घायल आरक्षक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
घटना सोमवार रात लगभग 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग जैतवारा थाने के बैरक में ड्यूटी समाप्त करने के बाद खाना खाने बैठे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक, जिसने अपना मुंह कपड़े से ढंका हुआ था, अचानक उनके कमरे के बाहर आ खड़ा हुआ। जब तक आरक्षक कुछ समझ पाते, युवक ने कट्टे से फायर कर दिया।
गोली प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग के कंधे के पास लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़े। थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें जिला अस्पताल सतना ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया। सीटी स्कैन रिपोर्ट में गोली शरीर के अंदर नहीं पाई गई, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल प्रधान आरक्षक ने पुलिस को दिए बयान में संदेह जताया कि हमला करने वाला युवक मेहुती गांव निवासी अच्छू गौतम हो सकता है। बताया गया कि कुछ दिन पहले अच्छू की गाड़ी थाने में खड़ी करवाई गई थी, जिसको लेकर वह काफी नाराज था। आरक्षक का कहना है कि इसी रंजिश के चलते अच्छू ने हमला किया है। पुलिस फिलहाल इस एंगल से भी जांच कर रही है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने चारों ओर नाकाबंदी कर दी है और आरोपी अच्छू गौतम की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीएसपी महेंद्र सिंह ने कहा: "प्रधान आरक्षक के कंधे पर गोली लगी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।"
जैतवारा थाना परिसर में हुई यह घटना न केवल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अपराधी अब कानून से बेखौफ हो चुके हैं। थाने के अंदर हमला होना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पुलिस प्रशासन के लिए यह एक चेतावनी है कि अब सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त करने की जरूरत है।