इंदौर.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सदैव स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया के माध्यम से देश के युवाओं में फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बड़ी है।
जिस तरह इंदौर के नागरिकों ने स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कृति बनाया है ,उस तरह फिटनेस, नशा मुक्ति और जल संरक्षण को भी जन आंदोलन बनाने की दिशा में इंदौर वासियों की पहल अनूठी है। इंदौर ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह जो भी करता है कुछ नया करता है। मुख्यमंत्री डॉ यादव जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत इंदौर में आयोजित वन इंदौर रन इंदौर 2.0 मैराथन के सहभागियों को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा सिद्ध कर रही हैं
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने लोक माता अहिल्याबाई होलकर को नमन कर, मैराथन में उपस्थित सहभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में एकत्र इंदौर वासी शहर को बेहतर बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता का प्रकटीकरण कर रहे हैं। यह सकारात्मक पहल सभी में आनंद और उत्साह का संचार करती है। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कल 28 नवंबर को भोपाल में एशियाई महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी योग्यता, प्रतिभा और क्षमता से नए मुकाम हासिल कर रही हैं, यह देशवासियों के लिए गर्व और गौरव का पल है।
सबके सहयोग से बनेगा नशा मुक्त भारत
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि वर्तमान में हमारी जीवनशैली तेजी से बदल रही है, युवाओं को नशे से दूर रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नशा मुक्ति के विरुद्ध पूरे देश में अभियान चल रहा है। जिस प्रकार भारत ने आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध विजय पाई, उसी प्रकार हम प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में , जन सामान्य के सहयोग से नशा मुक्त भारत बनाने में भी सफल होंगे। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता में मिसाल कायम की है,उसी तरह अब स्वस्थ जीवन शैली, नशा मुक्ति और जल संरक्षण में भी इंदौर ,देश के लिए उदाहरण बनेगा।
इंदौर को जल संकट से उबारने के लिए हर संभव प्रयास होंगे
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इंदौर के जल संकट के संबंध में कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर इंदौर के साथ है, नर्मदा जल की अधिक से अधिक उपलब्धता और जल संकट के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस अवसर पर जल की एक-एक बूंद का सदुपयोग करने, पानी की बर्बादी नहीं होने देने, जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने और प्राचीन जल स्रोतों को साफ स्वच्छ रखने में सभी की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए लिए वन इंदौर रन इंदौर मैराथन के सहभागियों को जल संरक्षण की शपथ दिलवाई।
इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण सहित इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह जिला कलेक्टर शिवम वर्मा निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी उपस्थित रहे।