श्रीमद् वल्लभाचार्य की जन्मस्थली पर भव्य परिसर विकसित करने के लिए 73 करोड़ रुपये का आवंटन

विज्ञापन

 छत्तीसगढ़ सरकार इस परियोजना के लिए अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये देगी

नयी दिल्ली. 28 नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि श्रीमद् वल्लभाचार्य की जन्मस्थली पर 15 एकड़ में भव्य परिसर विकसित करने के लिए केंद्र सरकार ने महाप्रभुजी प्राकट्य बैठकजी ट्रस्ट के माध्यम से 73 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

वडोदरा में आयोजित ‘विश्व कल्याण महोत्सव’ को ऑनलाइन संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस परियोजना के लिए अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये देगी, जबकि बाकी राशि अन्य अनुयायियों के योगदान से जुटाई जाएगी।

यह कार्यक्रम षष्ठपीठाधीश्वर परम पूज्य गोस्वामी 108 श्री द्वारकेशलालजी महाराजश्री के 60वें षष्टिपूर्ति महोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया था। शाह ने कहा कि इस परिसर का उद्देश्य संप्रदाय का एक भव्य स्मारक विकसित करना है, जो पूरे देश के लिए एक प्रमुख पहचान बनेगा। गृह मंत्री ने कहा कि यह वल्लभकुल के अनुयायियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने सनातन संस्कृति, धार्मिक विद्वता और समाज सेवा में आध्यात्मिक गुरु के योगदान को भी रेखांकित किया। शाह ने कहा कि उनकी इच्छा वडोदरा में आयोजित समारोह में शामिल होकर महाराजश्री को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं देने की थी, लेकिन कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण वह ऐसा नहीं कर सके।

उन्होंने दूर से ही आध्यात्मिक गुरु के चरणों में सादर प्रणाम किया। शाह ने कहा कि सनातन संस्कृति में 60 वर्ष पूरे होने का विशेष महत्व है, क्योंकि पारंपरिक पंचांग में 60 संवत्सरों का एक पूरा चक्र माना जाता है।

उन्होंने कहा, “जब कोई साधक, आचार्य या महान व्यक्तित्व इस चक्र को पूरा करता है, तो इन 60 वर्षों में समाज के भीतर विकसित की गई उसकी दिव्य आभा पूरे समाज के लिए लाभकारी बन जाती है और कई गुना अधिक चमक के साथ सामने आती है।”

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook