दिल्ली.
Rahul Gandhi Press Conference लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज शनिवार को दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इस प्रेस ब्रीफिंग में राहुल गांधी ने सरकार को घेरने की कोशिश की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘यह सोच कि वे जब चाहें और जहां चाहें चुनाव में धांधली कर सकते हैं, अब पुरानी हो चुकी है। वे अभी भी धांधली कर सकते हैं, लेकिन भारत जानता है कि वे ऐसा कर रहे हैं।’
सरकार पर लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप
राहुल गांधी ने अपने आरोप को स्पष्ट करते हुए कहा, हमने उन्हें (बीजेपी) वोट चोरी के मामले में फंसा लिया, तब वे परिसीमन वाला नया रास्ता लेकर आए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग (ईसी) के अपने डेटा के अनुसार, 2024 के चुनावों में 14 करोड़ इसतरह के लोगों ने मतदान किया जो वास्तव में पात्र मतदाता नहीं थे। इसके आधार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीधा निष्कर्ष निकाला कि इसका मतलब है कि खुद चुनाव आयोग के मुताबिक 2024 का चुनाव अवैध था। उन्होंने जोड़ा कि उनके सर्वेक्षणों के अनुसार, देश के 80 प्रतिशत और जेन-जी के करीब 100 प्रतिशत लोग मानते हैं कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव चुराए हैं।
राहुल गांधी ने परिसीमन पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा, ‘सरकार का मानना है कि लोकसभा में 543 के बजाय 850 सदस्य होने चाहिए और इसके लिए वे महिला आरक्षण का बहाना लेते हैं। महिला आरक्षण बिल तो पहले ही पास हो चुका है। इसे कल ही लागू किया जा सकता है। तो सवाल यह है कि 850 ही क्यों?’ कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ‘इसका जवाब असम और जम्मू-कश्मीर में छिपा है, क्योंकि जब आपके पास 850 सीटें हों, तो आप भारत के चुनावी नक्शे में बहुत बड़े बदलाव कर सकते हैं और उसे पूरी तरह से फिर से तैयार कर सकते हैं।’
यह विधेयक एक नई योजना है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को मोदी सरकार के बचने का नया रास्ता करार दिया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक एक नई योजना है, जो कि भाजपा ने चुनावी धांधली के आरोपों से ध्यान भटकाने और भविष्य में अपने पक्ष में चुनावी माहौल बनाने के लिए लाया गया है। उन्होंने इस बिल के असली डिजाइन और संभावित नतीजों को देश के सामने उजागर करने की बात कही।
परिसीमन विधेयक का पुरजोर विरोध करने का निर्णय
राहुल गांधी की ये प्रेसवार्ता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक के तुरंत बाद आयोजित की गई थी। बैठक में विपक्षी दलों ने 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक का पुरजोर विरोध करने का निर्णय लिया है। विपक्ष की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सीट संख्या (543) को बरकरार रखा जाए और इसी ढांचे में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाए।
LIVE: Special Press Conference | Indira Bhawan, New Delhi https://t.co/l2j7d6ouAy
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi)