बेटी की शादी में डांस करते समय पिता की हुई मौत : भाईयों ने बहन से छिपाए रखी बात : आंसू रोक कर पूरी की सारी रस्में
उदयपुर. राजस्थान के उदयपुर जिले से दिल दुखाने वाली खबर में बेटी की शादी से ठीक एक दिन पहले उसके पिता की मौत हो गई। पिता अपनी बेटी की शादी की खुशी में डांस कर रहे थे और अचानक उनके सीने में दर्द उठा। घरवाले अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
पिता की मौत की खबर को बेटी से छिपाए रखा गया जिससे की उसकी शादी खराब न हो जाए। इतना ही नहीं, शादी की तारीख अगले दिन दोपहर तय होने के बावजूद परिवार ने उसी रात सादगी से विवाह की रस्में पूरी कराईं। बेटी की विदाई होने के बाद ही परिवार ने उसे पिता की मौत की जानकारी दी और उनका अंतिम संस्कार किया।
नाचने के दौरान सीने में उठा दर्द
यह घटना उदयपुर जिले के ऋषभदेव उपखंड के पटियार (भूधर) गांव की है। यहां 51 साल शंकरलाल मेघवाल अपनी बेटी प्रियंका की शादी की तैयारी कर रहे थे। 20 नवंबर की देर रात शंकरलाल परिवार के लोगों और रिश्तेदारों के बीच नाच-गा रहे थे। तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और तबीयत बिगड़ गई।
परिवार के लोग आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। उदयपुर पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। शंकरलाल अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी प्रियंका (26) की शादी 21 नवंबर को दोपहर में होनी थी।
भाईयों ने छिपाई पिता की मौत की खबर
पिता की मौत की खबर परिवार में किसी को नहीं दी गई। सिर्फ शंकरलाल के बेटों को ही पता था कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उन्होंने फैसला किया कि इस खबर को न सिर्फ बहन से बल्कि अन्य परिजनों से भी छिपाए रखेंगे ताकि बहन की शादी खराब न हो। उन्हें डर था कि पिता की मौत की खबर सुनकर बहन सदमे में आ सकती है और उसकी शादी भी प्रभावित हो सकती है। आखिरकार दोनों भाइयों ने बहन की शादी बिना किसी रुकावट के संपन्न कराने का फैसला किया।
उन्होंने पिता के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और घर पर फोन करके बताया कि शंकरलाल की तबीयत खराब है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। साथ ही कहा कि वे फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं हैं। शंकरलाल की मौत की जानकारी मिलने के बाद लड़की की साइड से दो लोग दूल्हे के परिवार से मिले और उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद दूल्हा और उसके 15 से 20 रिश्तेदार उसी रात करीब 25 किलोमीटर का सफर तय कर चनावड़ा गांव से पटियार पहुंचे।
बहन की विदाई के बाद भाईयों ने दी मौत की खबर
दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी की रस्में उसी रात पूरी करने का फैसला किया। इसके बाद तय समय से पहले ही सादगी के साथ विवाह संपन्न कराया गया। शादी की सभी रस्में सुबह करीब 3 बजे तक पूरी हो गईं। शादी की रस्में पूरी होने और बेटी की विदाई के बाद भाइयों ने परिवार के अन्य सदस्यों को शंकरलाल की मौत की सच्चाई बताई। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस घटना के बाद से न सिर्फ शंकरलाल के घर में मातम पसरा है बल्कि पूरे इलाके में माहौल गमगीन है। दो भाइयों ने बहन की शादी की खुशियां बरकरार रखने के लिए अपने पिता की मौत का दुख अकेले सहा और उसे इस सच्चाई से तब तक दूर रखा, जब तक उसकी विदाई नहीं हो गई।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
बेटी की शादी में डांस करते समय पिता की हुई मौत : भाईयों ने बहन से छिपाए रखी बात : आंसू रोक कर पूरी की सारी रस्में