निवेश
शेयर बाजार में बढ़ी गिरावट, 80 हजार के नीचे आया सेंसेक्स : किन शेयरों में दिख रही गिरावट?
indoremeripehchan.in
नई दिल्ली. दोपहर 12 बजे शेयर बाजार में गिरावट बढ़ गयी है। सेंसेक्स 1290.84 अंकों की गिरावट के साथ 79,996.35 पर आ गया है। वहीं निफ्टी इस समय 402.25 अंक फिसलकर 24,776.40 पर है। हालांकि आज डिफेंस शेयरों के साथ-साथ गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में तेजी दिख रही है।
मध्य-पूर्व विवाद से ग्लोबल रिस्क-ऑफ सेंटिमेंट के बीच भारतीय मार्केट में जोरदार गिरावट आने का अनुमान पहले से ही लगाया जा रहा था। वहीं कच्चे तेल के दाम भी उछले हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक यानी 3.37 प्रतिशत टूटकर 78,543.73 अंक पर आ गया।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 533.55 अंक यानी 2.11 प्रतिशत गिरकर 24,645.10 अंक पर आ गया।
आज सोमवार को श्री राम ट्विस्टेक्स का शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट (Shree Ram Twistex IPO Listing) हुआ। शानदार आईपीओ के बावजूद शेयर बाजार में गिरावट के चलते इसकी लिस्टिंग भारी डिस्काउंट के साथ हुई। इसके IPO को 23-25 फरवरी के बीच प्राइमरी मार्केट में 43.66 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। मगर श्री राम ट्विस्टेक्स का शेयर NSE पर 68 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ, जो आईपीओ प्राइस (104 रुपये) के मुकाबले 34.61 प्रतिशत का डिस्काउंट है।
क्रूड ऑयल का प्रोडक्शन बढ़ाएगा OPEC+
मध्य पूर्व में तनाव के बीच क्रूड ऑयल के दाम उछले हैं। इस बीच OPEC+ ने रविवार को एक वर्चुअल मीटिंग के बाद अप्रैल में तेल उत्पादन में थोड़ी तेजी से बढ़ोतरी फिर से शुरू करने पर सहमति जताई, जिसमें हर दिन 206,000 बैरल की बढ़ोतरी की जाएगी। यह बढ़ोतरी दिसंबर में लागू की गई 137,000 bpd (बैरल प्रति दिन) बढ़ोतरी से 1.5 गुना अधिक है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों से शुरू हुए टकराव से कच्चे तेल की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है।
गिरावट से उभरा फिनो पेमेंट्स बैंक का शेयर
फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर में सोमवार को 14.1% तक की गिरावट आई थी। मगर साढ़े 10 तक इसने रिकवरी कर ली है। इस समय ये 0.55 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 191.90 रुपये पर है। बैंक ने बताया कि इसके मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, ऋषि गुप्ता को देश के गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी खबर के बाद बैंक के शेयर मे कमजोरी आई थी।
9 मार्च को खुलेगा राजपुताना स्टेनलेस का आईपीओ
राजपुताना स्टेनलेस लिमिटेड का 255 करोड़ रुपये का IPO 9 मार्च, 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 116 रुपये से 122 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इन्वेस्टर कम से कम 110 शेयरों के लॉट साइज के लिए बोली लगा सकेंगे, जिसका मतलब है कि ऊपरी प्राइस बैंड पर कम से कम 13,420 रुपये का इन्वेस्टमेंट करना होगा।
किन शेयरों में दिख रही गिरावट?
निफ्टी पर इंटरग्लोब एविएशन, L&T, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, TMPV बड़े लूजर्स में शामिल हैं। वहीं ONGC, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और हिंडाल्को में तेजी दिख रही है। बता दें कि शेयर बाजार में भी गिरावट कम हुई है।





