पांच आईपीओ 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 के बीच अभिदान के लिए खुलेंगे : 2,600 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी
नयी दिल्ली. 25 अक्टूबर (भाषा) ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स, एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज और एम के संस फाइन ज्वेल्स सहित पांच कंपनियां अगले सप्ताह अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए तैयार हैं। इसका मकसद प्राथमिक बाजार से करीब 2,600 करोड़ रुपये जुटाना है।
इस सप्ताह बीएलएस पॉलिमर्स और बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स भी अपने शुरुआती सार्वजनिक निर्गम पेश करेंगी। मर्चेंट बैंकर के अनुसार, आगे चलकर गुजरात विक्ट्री फोर्जिंग, माइलस्टोन गियर्स, अवाडा इलेक्ट्रो, स्वारा बेबी प्रोडक्ट्स, इंटीग्रिस मेडटेक और एजीएस हेल्थ सहित कई कंपनियां आईपीओ लाने की कतार में हैं। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों द्वारा पांच नवंबर तक मूल्य दायरा घोषित करने और पेशकश की योजना बनाने की उम्मीद है।
अक्टूबर का महीना प्राथमिक बाजार के लिए काफी व्यस्त रहा, जिसमें जियो प्लेटफॉर्म्स ने देश का अबतक का सबसे बड़ा 30,213 करोड़ रुपये का सार्वजनिक निर्गम पेश किया। इस साल अबतक 104 से अधिक कंपनियां आईपीओ के माध्यम से 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटा चुकी हैं।
इस सप्ताह पांच आईपीओ 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 के बीच अभिदान के लिए खुलेंगे। एडेलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज की एक इकाई ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स का 1,200 करोड़ रुपये का आईपीओ 26 अक्टूबर को खुलकर 28 अक्टूबर 2026 को बंद होगा।
अपशिष्ट जल उपचार समाधान मुहैया कराने वाली कंपनी एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज का 668 करोड़ रुपये का आईपीओ 27 अक्टूबर को खुलकर 29 अक्टूबर को बंद होगा। एम के संस फाइन ज्वेल्स लिमिटेड का 275.4 करोड़ रुपये का आईपीओ 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा।
बीएलएस पॉलिमर्स लिमिटेड अपना 255 करोड़ रुपये का आईपीओ 27 अक्टूबर को पेश करेगी। यह निर्गम 29 अक्टूबर को बंद होगा। बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स लिमिटेड का 183.1 करोड़ रुपये का आईपीओ 29 अक्टूबर को खुलेगा और दो नवंबर को बंद होगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
पांच आईपीओ 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 के बीच अभिदान के लिए खुलेंगे : 2,600 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी