इंदौर
Indore City : इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में 2025 बैच के पीजी छात्रों के लिए तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम
paliwalwani
एक सक्षम और जिम्मेदार चिकित्सक बनना आपका लक्ष्य : मरीजों की सेवा को अपना पहला कर्तव्य समझें
इंदौर. इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2025 बैच के पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए पीजी विद्यार्थियों को कॅालेज,यूनिवर्सिटी की कार्यप्रणाली, नियमों, शैक्षणिक वातावरण और अस्पताल की सेवाओं के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों और पीजी विद्यार्थियों के परिचय सत्र से हुई। इस दौरान नए विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषय, पृष्ठभूमि और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। वहीं फैकल्टी सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति और अनुशासन के बारे में बताया।

इस अवसर पर मयंक वेलफेयर फाउंडेशन के चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया ने सभी नए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और सेवा भाव के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिससे वे भविष्य में एक सक्षम और जिम्मेदार चिकित्सक बनने के लक्ष्य को पूरा कर सके।
डीन डॉ. संजीव नारंग ने कहा कि इंडेक्स समूह संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा शिक्षा के साथ उत्कृष्ट क्लिनिकल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि पीजी छात्रों के लिए यहां अनुभवी फैकल्टी, उन्नत चिकित्सा सुविधाएं और रिसर्च के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। पोस्ट ग्रेजुएट प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मरीजों की सेवा, चिकित्सा नैतिकता और शोध कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. स्वाति प्रशांत ने कहा कि इंडेक्स अस्पताल में मरीजों की बेहतर देखभाल और उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने पीजी विद्यार्थियों से कहा कि छात्र इंडेक्स अस्पताल की कार्यप्रणाली, अनुशासन और चिकित्सा नैतिकता का पालन करते हुए मरीजों की सेवा को अपना पहला कर्तव्य समझें।
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. जी.एस. पटेल ने विद्यार्थियों को इंडेक्स मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की कार्यप्रणाली, नियमों और आयुष्मान सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राहुल तनवानी ने कहा कि इस तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संस्थान की विभिन्न गतिविधियों, विभागों और अस्पताल की सेवाओं से परिचित कराया जाएगा।
इस अवसर पर पीजी डायरेक्टर डॅा.बी के अग्रवाल, वाइस डीन डॅा.रोमी श्रीवास्तव, डॅा.आरती सहस्त्रबुद्धे, डॅा.वी के जैन, डॅा.रामनाथ, डॅा. वी के अरोरा सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष और शिक्षक उपस्थित थे।






