वेलिंगटन.
शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है. इसी मैच में दोनों ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन पूरे कर लिए. शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने एकसाथ बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान पंत और गिल, दोनों ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन पूरे कर लिए हैं. उनसे पहले किसी भारतीय बल्लेबाज ने WTC में यह मुकाम हासिल नहीं किया है.
दरअसल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय शुभमन गिल बने थे, जिन्होंने पहली पारी में 98 रन बनाए. उनके कुछ देर बाद ही ऋषभ पंत ने भी यह मुकाम हासिल कर लिया. पंत तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 55 रन बनाकर नाबाद हैं. वेलिंगटन टेस्ट से पूर्व शुभमन गिल ने WTC में 76 टेस्ट पारियों में 2917 रन बना लिए थे. उन्हें तीन हजार रनों का आंकड़ा छूने के लिए 83 रनों की जरूरत थी. 98 रनों की पारी के बाद गिल के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3015 रन हो गए हैं. गिल शतक पूरा नहीं कर पाए और दिन के आखिरी ओवर में विकेट गंवाने के बाद उनके चेहरे से निराशा साफ झलक रही थी.
ऋषभ पंत ने बनाया रिकॉर्ड : ऋषभ पंत ने भी तीन हजार रन पूरे कर लिए हैं, लेकिन उनकी यह उपलब्धि बहुत खास है. पंत WTC के इतिहास में यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के सबसे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. पंत को तीन हजार रनों का आंकड़ा छूने के लिए 52 रनों की जरूरत थी. वह पहली पारी में 55 रन बना चुके हैं, जिससे WTC के इतिहास में उनके कुल रन 3003 हो गए हैं.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में फिलहाल सबसे ऊपर कप्तान शुभमन गिल हैं, फिर ऋषभ पंत का नाम आता है. 2716 रन बनाने वाले रोहित शर्मा तीसरे और 2675 रनों के साथ रवींद्र जडेजा चौथे स्थान पर हैं. यशस्वी जायसवाल इस सूची जडेजा से सिर्फ 2 रन पीछे हैं.
मैच का हाल : वेलिंगटन टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रनों पर सिमट गई थी. उसके बाद भारत के सभी 5 टॉप बल्लेबाज 50 या उससे अधिक स्कोर बना चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए, जिससे उसकी कुल बढ़त 118रनों की हो गई है.