बड़ीसादड़ी. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिन के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़ीसादड़ी की ओर से मनोहर वाटिका, चित्तौड़गढ़ रोड पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
इसी दौरान आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक भी हुई। शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लेते हुए 101 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बद्रीलाल जाट जगपुरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पंचायतीराज चुनाव पूरी मजबूती और उत्साह के साथ लड़ना है। किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है।
हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे जोश और दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र जाट (लालजी जाट) ने बताया कि आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर संगठन की ओर से प्रत्येक वार्ड में सर्वे करवाया जाएगा। बैठक में पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से आवेदन प्राप्त किए गए। प्रत्येक वार्ड से भी आवेदन लिए गए।
रामचंद्र जाट ने बताया कि अब सभी वार्डों में प्रभारी नियुक्त कर प्राप्त आवेदनों के आधार पर दावेदारों का सर्वे किया जाएगा। सर्वे और संगठनात्मक प्रक्रिया के आधार पर योग्य उम्मीदवार का चयन कर पार्टी स्तर पर टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से बड़ीसादड़ी में कांग्रेस का प्रधान बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन पूरी मजबूती से कार्य करेगा।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अभय मेहता, डूंगला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह झाला, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता बाबेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, जिला महासचिव जगदीश टेलर, जिला महासचिव जगदीश सुथार, बोहेड़ा मंडल अध्यक्ष पारस राम पुष्करना, निकुंभ मंडल अध्यक्ष उमेश लोहार और ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हीरालाल मीणा सहित नगरपालिका के नवनिर्वाचित पार्षद, ब्लॉक एवं मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य, पंचायतीराज पदाधिकारी तथा कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।