हजारों विद्यार्थियों ने नगर भ्रमण कर दिया नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा का संदेश
अनिल बागोरा-पुलकित पुरोहित
कोदरिया. “नशे से दूरी, जिंदगी जरूरी” अभियान के तहत आयोजित नशा विरोधी एवं यातायात जागरूकता रैली में हजारों विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विधायक उषा ठाकुर, एसडीएम राकेश परमार, बीईओ डकवाले एवं बीआरसीसी अनुराग भारद्वाज के निर्देशन में निकाली गई इस रैली में मध्य प्रदेश स्काउट एंड गाइड के इंदौर जिला संघ के अंतर्गत संचालित श्री एकेडमी, कोदरिया के स्काउट-गाइड दल ने बैंड की धुनों के साथ अग्रणी भूमिका निभाई।इंदौर जिला संघ के पदाधिकारियों ने स्काउट एवं गाइड की इस सामाजिक जागरूकता के सेवा कार्य के लिए बधाई प्रेषित की।
विद्यार्थियों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नारों और संदेशों वाली तख्तियों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नशे से दूर रहने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की।
इस अवसर पर स्काउटर डॉ. राजेश पाटीदार एवं स्काउट मास्टर सुदर्शन पाटीदार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ अभियान में सहभागिता निभाई।
- रैली का संदेश था : नशामुक्त जीवन और सुरक्षित यातायात, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज की पहचान हैं। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए। जनभागीदारी से ही जागरूकता को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।