मुंबई.
मुंबई के जूहू में रविवार को एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले को लेकर विपक्ष देवेंद्र फडणवीस सरकार पर हमलावर है. उद्धव ठाकरे गुट की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आखिर सरकार कहां है और क्या कर रही है. उन्होंने कहा कि ये सब मुंबई में हो रहा है जिसे सबसे सुरक्षित माना जाता है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को निशाना बनाने की कोशिश की, फिर रोहित शेट्टी का नंबर आया, इसी तरह पहले हमने बाबा सिद्दीकी को खो दिया और अब टाइगर श्रॉफ का मामला सामने आया है. ये सब मुंबई में हो रहा है. जिसे सबसे सुरक्षित शहर माना जाता है. हे सरकार, आप कहाँ हैं?"
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने फायरिंग की। इस घटना में अभिनेता टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे, लेकिन उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लग गई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक स्क्रीन शॉट सामने आया है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करने वाला एक व्यक्ति हमले की जिम्मेदारी ले रहा है। साथ ही, उसने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन अन्य लोगों को भी धमकी दी है जो सलमान खान के साथ काम करते हैं।
टाइगर पर क्यों हुआ हमला?
इसमें अनिल पंडित नाम बताने वाले एक व्यक्ति ने दावा किया, 'टाइगर श्रॉफ को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने गैंग के निर्देशों को नजरअंदाज किया और सलमान खान के साथ काम करना जारी रखा।' बता दें कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे चुका है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
वहीं इस घटना को लेकर मुंबई महाराष्ट्र कांग्रेस महासचिव सचिन सावंत ने कहा, "आज बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जिस तरह से हमला हुआ है, ये बहुत गंभीर मामला है. इस सरकार ने मुंबई की क्या हालत कर दी, ये सवाल हम पूछना चाहते हैं. पहले बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई थी, सलमान खान के आवास पर खुलेआम हमलावरों ने हमला किया था और बॉलीवुड के बहुत सारे एक्टर्स और प्रोड्यूसर्स को खुलेआम धमकियां मिल रही हैं."