Indore City : ऑनलाइन शॉपिंग साइट अमेजन के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी : दो आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन

इंदौर. ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए फ्रॉड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चन्दन नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन के माध्यम से लाखों की धोखाधड़ी करते थे। गिरोह के मास्टर माइंड रितिक गुप्ता को, चंदन नगर पुलिस ने जयपुर राजस्थान से धरदबोचा।

ऐसे हुआ ठगी का खुलासा

थाना चन्दननगर क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी अमेजन के डिलीवरी पार्टनर एनटेक्स कम्पनी के लाइजनिंग ऑफिसर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कम्पनी के डिलिवरी बॉय दीपक मोहेर एवं प्रवीण सिंह ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अमेजन की साइट से एप्पल कम्पनी के महंगे उत्पाद (आईपॉड एवं पेंसिल) ऑर्डर कर डिलीवरी के दौरान मूल (असली) सामान को निकालकर उसके स्थान पर नकली डुप्लीकेट सामान पैक कर ऑर्डर रिजेक्ट दिखाकर कंपनी को रिटर्न कर दिया, जिससे कंपनी को करीब 14 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।

प्राप्त उक्त शिकायत के आधार पर थाना चन्दननगर में अपराध क्रमांक 476/2026 धारा 318(4), 316 (4) बीएनएस वृद्धि धारा 61(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी दीपक मोहेर को गिरफ्तार कर सघन पूछताछ की गई जिसमें खुलासा हुआ कि आरोपी रितिक गुप्ता एवं दीपक मोहेर द्वारा षड्यंत्र पूर्वक दिल्ली से एप्पल कंपनी के महंगे उत्पाद (आईपॉड एवं पेंसिल) की डुप्लीकेट कॉपी खरीदी।  5 सिम बेबसाइट से वर्चुअल नंबर खरीद कर उक्त वर्चुअल नम्बर से अमेजन एप्लीकेशन पर वर्चुअल ब्यक्ति की प्रोफाइल जनरेट कर इंदौर में फर्जी पता डालकर एप्पल कम्पनी के महंगे उत्पाद (आईपॉड एवं पेंसिल) ऑर्डर किए। इसके बाद एनटेक्स कंपनी के डिलीवरी बॉय के साथ सांठगांठ कर डिलीवरी के दौरान मूल (असली) सामान को निकालकर उसके स्थान पर नकली डुप्लीकेट सामान पैक कर दिया और ऑर्डर रिजेक्ट दिखाकर कंपनी को रिटर्न किया। बस के माध्यम से असली सामान का पार्सल आरोपी रितिक तक बस के माध्यम से जयपुर भेजा गया,जिसे आरोपी रितिक द्वारा कारोल बाग दिल्ली जाकर बेचा गया और अवैध आर्थिक लाभ कमाया गया। पुलिस ने तकनीकि सहायता के आधार पर घटना के मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता को जयपुर राजस्थान से हिरासत में लिया और न्यायालय पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया। उससे सघन पूछताछ की जा रही है।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook