रानी जसुमति के प्रगटे सुंदर कुंवर कन्हाई, नंद घर आनंद भयो, गोकुल बाजे बधाई
'जग वंदन, नंदनंदन आयो...'
- आज घर घर मंगलचार, देवालयों में गूंजे घण्टे घड़ियाल, हवेलियों में हुआ शंखनाद
- यशोदा मैय्या की कूख से चंद्रमा प्रकटे, गदगद भये गोप-ग्वाल, धरा पर आए नंदलाल
- कृष्ण मंदिरों में अलसुबह से शुरू हुए उत्सव, पंचामृत अभिषेक हुए, चहुँओर गुंजी जन्माष्टमी की बधाई
- मथुरा-वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं का रेला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इंदौर-मुंबई सहित देशभर में आज मचेगी ' दही हांडी ' की धूम, साहसी गोविंदाओं पर टिकी सबकी नजरें
ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर भी जन्माष्टमी की धूम, अमेरिका, ब्रिटेन व खाड़ी देशों के इस्कॉन मंदिरों में भव्य उत्सव
नितिनमोहन शर्मा
गोकुल मंगल आज बधाई।
रानी जसुमति के प्रगटे हैं सुन्दर कुँवर कन्हाई।।
गोपी ओपी थार लिये कर छवि देखि लजाई।
गावत धावत अति छवि पावति सूरति लगति सुहाई।।
देखि देखि मुख श्यामसुन्दर कौ अंग अंगनि सचुपाइ।
भागवति जसुमति रानी अति सुत जायौ सुखदाई।।
निरतत कीरति मुखिया निज मुख कहिकहि बहुत बढ़ाई।
ब्रजरानी सनमानी तैसैं जो जैसैं मनभाई।।
नंदसदन में दूध दही की मची कीच अधिकाई।
गोपी गोप ग्वालगन अनगिन आनंद मगन महाई।।
भाग सहारत ब्रजरानी के भाषत भूप भलाई।
कहत आज हम वृजवासिन की सकल आस पुरवाई।।
जग बंदन नंदनंदन जायौ सुख छायौ व्रजआई।
जै 'श्रीभट्ट' रसिक भक्तनि मन भई महा मुदिताई।।
श्रीभट्टदेवाचार्य जी श्रीलालजी के जन्मोत्सव की बधाई का संक्षेप में उल्लेख करते हुये कहते हैं कि कोई गोपी श्रीयशोदा जी के आँगन में श्रीलालजी के जन्मोत्सव की बधाई देख, अतिशय सुख प्राप्त कर श्रीयशुमति के भाग्य की सराहना करती हुई, गोकुल की अन्यान्य सखियों के प्रति जाकर कहती हैं-
हे सखी! श्रीयशुमति रानी के मंदिर में सुन्दर कुँवर कन्हाई प्रगट हुये हैं। उनके आँगन में तथा गोकुल में आज मंगल बधाई का उत्सव हो रहा है। सखी की बात सुन सभी गोपिकाएँ सुन्दर वस्त्राभूषण धारण कर अपने अपने अङ्ग-अङ्ग में उमंग भर तथा जिसकी शोभा देख सूर्य भी लज्जित होता है, ऐसे रत्नजड़ित कंचन थाल में मांगलिक सामग्री रख मंगल गीत गाती, छविपाती, उतावली के साथ दौड़ती हुई अति ही शोभायमान लगती हैं।
नन्दभवन में पहुँच श्रीश्यामसुंदर के मुखारविंद का पुनः पुनः दर्शन कर अति आनंद प्राप्त करती हुई- "परम भाग्यवती श्रीयशुमतिरानी ने अति सुखदाई सुत को जनम दिया है"- इस प्रकार अपने मुख से श्रीयशोदारानी का विविध प्रकार से कीर्तिमान करती हुई नृत्य करने लगती हैं। तब श्रीब्रजरानी गोपिकाओं के मनोभावानुसार उनका सम्मान करती हैं। नन्दभवन में दूध दही की अतिकाधिक कीच मचने लगती है। गोपी गोप तथा ग्बाल-बालों के अनगिनत समूह महान आनंद में मग्न दिखाई देते हैं।
सभी ब्रजरानी के भाग्य की सराहना करते हुए ब्रजराज के पुण्य संस्कारों का बखान करते हैं। वे कहते हैं की आज हम सब ब्रजवासियों की आशा-आकांक्षा फलीभूत हो गई! क्योंकि जो जगत वंदनीय है, ऐसे प्रभु ने नंदबाबा के घर जनम लिया है। आज संपूर्ण ब्रज सुख से आच्छादित हो उठा है। श्रीभट्टजी सखी स्वरुप में श्रीयशुमति के आँगन में मंगल बधाई का आनंद लूटते हुए कहते हैं की श्रीलालजी की यह जन्म बधाई, रसिक भक्तों के मन को महामोद प्रदान करने वाली है; उनकी तो यह मनभाँवती ही है।
आप सभी रसिक जनों को श्रीलाल जू के प्रगट उत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व की ख़ुलासा फर्स्ट की तरफ से हार्दिक मंगल बधाई हो।
श्रीकृष्ण मंदिरों में अलसुबह से उमड़ी भीड़, नयनाभिराम झांकियां सजी
शहर में अलसुबह से कृष्ण मंदिरों उत्सव शुरू हो गए। लालन सरकार का पंचामृत से स्नान अभिषेक हुए। प्राचीन गोवर्धननाथजी हवेली में भारी भीड़ जुटी। यहां मंगल आरती दर्शन के बाद साल में एक बार होने वाले पंचामृत अभिषेक के दर्शन जनसामान्य के लिए खुले तो पांव रखने की जगह नही इतने वैष्णव उमड़े। अपने इष्ट की एक झलक की ललक देखते ही बन रही थी। राजबाड़ा स्थित गोपाल मंदिर, खजूरी बाज़ार स्थित यशोदा माता मंदिर में भी दर्शनार्थियों की अलसुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के अनेक कृष्ण मन्दिरो में नयनाभिराम झांकियां भी सजाई गई हैं। यादव समाज ने आज सुबह भव्य शोभायात्रा के साथ उत्सव मनाया।
भारत माता चौक में आज श्रीवल्लभ लालन फोड़ेंगे मटकी
शहरभर में आज बाल गोपालो की टोलियाँ मटकी फोड़ने निकलेगी। 'मच गया शोर सारी नगरी रे, आया बिरज का बांका संभाल तेरी गगरी' का आगाह करते गोप-ग्वाल बने बाल गोपालो की ये अदभुत लीला का केंद्र बनेगा पुराना इंदौर। यहाँ के भारत माता चौक ( लोहारपट्टी) में श्रीमद वल्लभकुल लालन सरकार बाबा सा चि श्री प्रियब्रजरायजी एवम श्री अनुश्रुतराय जी के पावन सानिध्य में जन्माष्टमी उत्सव मनेगा।
कृष्णदेव राय पुरोहित के मुताबिक धर्म रक्षा समिति की बेनर तले इस उत्सव में बालक बालिकाएं शस्त्र कला का प्रदर्शन भी करेंगे। इस अवसर पर राधाकृष्ण बनकर भी बच्चे पहुचेंगे जिन्हें पुरुस्कृत किया जाएगा। एमजी रोड पर कमलेश खंडेलवाल व संस्था सृजन का मटकी फोड़ कार्यक्रम 8 बजे से होगा। राजबाड़ा व बड़ा गणपति पर भी मटकी फोड़ी जाएगी।