बच्चों ने बोला पापा ने रात में साथ खाना खाया और सुबह मां की हत्या कर दी

विज्ञापन

इंदौर.

इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में 11 जुलाई 2026 शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. डाक विभाग में पोस्टल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत 38 वर्षीय उर्मिला सैनी की उनके ही पति अखिलेश सैनी ने कथित रूप से चाकू से हमला कर हत्या कर दी. वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब दोनों बच्चे स्कूल जा चुके थे. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया पुलिस उसकी तलाश में जुटी हैं.

घटना का खुलासा दोपहर में तब हुआ, जब दोनों बच्चे स्कूल से घर लौटे. घर के अंदर मां का खून से लथपथ शव देखकर उन्होंने नाना को फोन कर घटना की जानकारी दी. बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका की 12 वर्षीय बेटी प्रेक्षा सैनी ने बताया कि पिता अक्सर उसकी मां के चरित्र पर संदेह करते थे. वह पूछते थे कि शनिवार को ऑफिस क्यों जाना पड़ता है और वहां किससे बात करती हो. बेटी के मुताबिक, पिता मां का मोबाइल नियमित रूप से चेक करते थे और उन्होंने मां का व्हाट्सएप भी अपने मोबाइल से लिंक कर रखा था.

इंटरनेट इस्तेमाल करने तक को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था. बेटी ने बताया कि घर में पहले भी कई बार झगड़े हुए थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि बात हत्या तक पहुंच जाएगी.

बेटी ने बताया कि शुक्रवार रात पिता ने नॉनवेज खाना मंगाया था. उन्होंने खुद भी खाना खाया और बच्चों को भी अपने हाथों से खिलाया. अगले दिन जब वे स्कूल से लौटे तो मां उसी ड्रेस में खून से लथपथ पड़ी मिलीं, जिसे पहनकर सुबह घर में थीं. परिजनों के अनुसार, मृतका के शरीर पर चाकू के कई गंभीर घाव थे. परिवार का कहना है कि आरोपी ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया.

मृतका के पिता सत्यनारायण मालाकार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि जब उर्मिला भोपाल में पदस्थ थीं, तब भी आरोपी उन्हें परेशान करता था. इंदौर तबादला होने के बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला. परिजनों का कहना है कि आरोपी अक्सर उर्मिला के साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित करता था.

पुलिस के मुताबिक, घटना तेजाजी नगर इंदौर क्षेत्र की डाककुंज कॉलोनी में हुईण् प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा.

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook