बुरहानपुर. (Rahat Baig) शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम खामनी में कटरा स्थित मां वैष्णोदेवी धाम की भव्य प्रतिकृति साकार हो चुकी है और श्रद्धालुओं के लिए माता रानी के दर्शन प्रारंभ हो गए हैं। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने 11 अक्टूबर 2026 को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 11 से 25 अक्टूबर 2026 तक 15 दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। लगभग 3 से 4 किलोमीटर की परिधि में पर्वतीय वातावरण और वैष्णोदेवी यात्रा जैसा दिव्य स्वरूप निर्मित किया गया है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को खामनी में ही मां वैष्णोदेवी की यात्रा के विभिन्न पड़ावों के दर्शन एवं आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर मिल रहा है।
बाण गंगा से मां वैष्णोदेवी भवन तक दिव्य दर्शन
आयोजन मार्ग पर बाण गंगा, चरण पादुका, गर्भ गुफा, अर्धकुवारी, मां वैष्णोदेवी भवन एवं भैरव बाबा मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक पड़ावों का स्वरूप तैयार किया गया है। इन स्थलों के माध्यम से श्रद्धालु वैष्णोदेवी यात्रा जैसी अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। नवरात्रि के दौरान माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आगमन जारी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए अधिकारियों को निर्देश
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने आयोजन स्थल का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय से सुचारु रूप से संचालित हों। आयोजन को प्लास्टिक मुक्त रखने के संकल्प को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया।
51 शक्तिपीठों की पवित्र माटी और जल से जुड़ी सामूहिक श्रद्धा
ग्राम खामनी के इस धार्मिक आयोजन को ग्रामीणों ने विशेष स्वरूप दिया है। ग्रामवासियों ने 51 समूह बनाकर देश के 51 शक्तिपीठों से पवित्र माटी एवं पूजित जल एकत्रित किया। इसके पश्चात 51 बैलगाडि़यों के साथ धर्म ध्वज यात्रा निकाली गई। यह पहल ग्रामीणों की सामूहिक आस्था, भारतीय परंपरा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक बनी है। ग्राम खामनी में साकार हुआ मां वैष्णोदेवी धाम श्रद्धालुओं के लिए नवरात्रि के दौरान भक्ति, आस्था और दर्शन का विशेष केंद्र बन रहा है। 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर सकेंगे।
इस दौरान एसडीएम श्रीमती पल्लवी पुराणिक, वीरेन्द्र तिवारी, किशोर पाटिल, योगेश मोतेकर, दीवाकर सपकाले, चेतन महाजन, भरत रावल, विकास महाजन, सुनिल महाजन एवं राजू महाजन अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित भक्तगण उपस्थित रहे।