एप डाउनलोड करें

फैक्ट्री में काम करते समय दो बदमाशों ने युवक के सीने में 4 गोली मारकर की हत्या

अपराध Published by: Paliwalwani Updated Sat, 04 Mar 2023 09:56 AM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सहारनपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश पैदल ही बाग में बनी इन्वर्टर की फैक्ट्री में आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक के सीने में चार गोलियां लगी हैं। वारदात शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। सिटी कोतवाली में मृतक अमजद के ऊपर 2009 में हत्या का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

पहले से ही घात लगाए बैठे थे बदमाश

थाना नागल के गांव नल्हेड़ा पंडोली का रहने वाला अमजद (32) अपनी ससुराल थाना रामपुर मनिहारान के मोहनपुर गाड़ा में रहता था। वह 8 सालों से मोहनपुर गाड़ा में ही रह रहा था। जहां बाग में एक कमरे में इन्वर्टर बनाने की छोटी-सी फैक्ट्री खोल रखी है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे तीन लोग अमजद, सरबुलंद और आमीर काम कर रहे थे। तभी पहले ही वहां घात लगाए दो बदमाश बैठे थे। बदमाश फैक्ट्री के अंदर घुसे और फायरिंग शुरू कर दी। चार गोलियां अमजद के सीने में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर साथ में काम कर रहे सरबुलंद और आमीर बदमाशों से भिड़ गए। सरबुलंद ने बदमाशों के सिर पर कुर्सी भी मारी है, जिससे बदमाश घायल हुआ है। वहीं सरबुलंद के सिर में भी चोट आई है।

पैदल ही आए थे बदमाश

फैक्ट्री में ही काम कर रहे सरबुलंद के अनुसार, बाग में बनी फैक्ट्री में आने-जाने के लिए दो रास्ते हैं। एक गांव से होकर आता है और एक बाग से। बदमाश पैदल ही बाग में आए थे। बदमाशों ने आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया था। अमजद को गोली लगने के बाद फैक्ट्री का दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए।

बाग से करीब 100 मीटर की दूरी पर गांव है। सूचना पर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीण घायल अमजद को पहले दिल्ली रोड के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अमजद की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

दोनों बदमाशों के हाथ में थे तमंचे

सरबुलंद ने बताया कि बदमाश पहले से ही वहां घात लगाए हुए बैठे थे। दोनों बदमाशों के हाथ में तमंचे थे। दोनों बदमाशों ने अमजद को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। दोनों बदमाश चार दिन पहले भी फैक्ट्री में आए थे। ऐसा माना जा रहा है, वह कई दिनों से अमजद की रेकी करने में लगे थे। चार दिन पहले भी वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे। लेकिन, फैक्ट्री के आसपास ज्यादा लोग होने के कारण वह वारदात को अंजाम नहीं दे पाए थे।

ससुराल वालों की जमीन का भी हो सकता है विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि ससुराल पक्ष में अमजद के कोई साला नहीं है। उसकी पत्नी के तीन बहनें है। कोई लड़का न होने के कारण अमजद को ही ससुराल वालों ने घर जमाई रख लिया था। घर पर जमीन-जायदाद को लेकर भी विवाद होना बताया जा रहा है।

तीन बच्चों का पिता था अमजद

परिजनों ने बताया कि अमजद की शादी नौ साल पहले हुई थी। 8 साल से वह मोहनपुर गाडा में रह रहा था। उसकी एक बेटी और दो बेटे हैं। दो सालियां हैं, जो शादीशुदा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक की हत्या में प्रॉपर्टी का विवाद निकलकर आ सकता है। कई दिनों से प्रॉपर्टी का विवाद भी बताया जा रहा है। वहीं पुरानी दुश्मनी के एंगल से भी जांच की जा रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next