भोपाल. देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीममों के बीच मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति शर्मा के सोशल मीडिया पोस्ट पर सियासी बखेडा खड़ा हो गया है। भाजपा सांसद की पत्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा कि "हम उस समय में है की वो दिन दूर नहीं की बैंक होम लोन, कार लोन, बिज़नेस लोन के साथ पेट्रोल और डीजल लोन भी उपलब्ध कराएगा 10ईएमआई के साथ। ये दौर बड़ा ख़राब है इतिहास का, लड़ाई किसी की, युद्ध किसी का नुक़सान आम जानता का"।
भाजपा सांसद की पत्नी की सोशल मीडिया पर की गई यह पोस्ट अब वायरल हो गोई है और यूजर्स इस पर अलग-अगल प्रतिक्रिया दे रहे है। यूजर्ज आकाश चौहान ने लिखा गलत विदेश नीतियों का परिणाम। वहीं रामकृष्ण मीना ने लिखा जब किसी देश का युवा अपने दर्द को व्यंग्य, मीम और सटायर में बदलने लगे,तो समझ लीजिए कि समस्या सिर्फ़ राजनीति की नहीं, व्यवस्था और संवाद की भी है।
लोकतंत्र में सवालों का जवाब तर्क, रोजगार, शिक्षा और विश्वास से दिया जाता है डर, ट्रोल और नफ़रत से नहीं। युवा अगर गुस्से में है तो उसे देशद्रोही कहने से पहले उसकी बेरोज़गारी, पेपर लीक, मानसिक दबाव और भविष्य की चिंता को समझना होगा। क्योंकि इतिहास गवाह है जब-जब व्यवस्था ने युवाओं की आवाज़ को हल्के में लिया, तब-तब इंटरनेट का मज़ाक भी आंदोलन बन गया।भारत को मजबूत बनाना है तो युवाओं को दुश्मन नहीं, देश की सबसे बड़ी ताक़त समझना होगा।
भाजपा सांसद की पत्नी की पोस्ट पर लिखते हुए राकेश सिंह नाम के यूजर्स ने लिखा कि इसमें सिर्फ घाटा तो सिर्फ हम किसान और आम जनता का ही हो रहा है और रही बात सांसद विधायक मंत्री जैसे नेताओं की तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। एक यूजर रामकृष्ण मिश्रा ने लिखा कि जब युवा अपने दर्द को व्यंग्य और सटायर में बदलने लगें तो समस्या सिर्फ राजनीति की नहीं, बल्कि व्यवस्था और संवाद की भी होती है।
वहीं एक यूजर्स ने लिखा कि ये बहुत बड़ी बात है की अपने ये बोलने की हिम्मत दिखाई। वायरल हो रहे इस पोस्ट के बाद लोगों ने भी जमकर प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि जिस रफ्तार से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब बैंक होम लोन, कार लोन और बिज़नेस लोन के साथ पेट्रोल-डीजल लोन भी देने लगेंगे।
वहीं भाजपा नेता राहुल सिंह राठौड़ ने कमेंट करते हुए लिखा कि कोविड काल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद पेट्रोल महंगा था। उन्होंने अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल की कीमतों का भी जिक्र किया।
इस मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उनके ग्वालियर-चंबल के दौरे पर होने के कारण बात नहीं हो सकी।
वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस पोस्ट को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर जहां भाजपा पहले से ही बैकफुट पर नजर आ रही है. वहीं भाजपा के दिग्गज नेता की इस पोस्ट ने बैठ-बैठाए विपक्ष को एक मुद्दा दे दिया है।
बता दें कि पेट्रोलियम कंपनियों ने 9 दिन के भीतर तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को पेट्रोल की कीमत 87 पैसे और डीजल की कीमत 91 पैसे प्रतिलीटर बढ़ाई गई है। इसके चलते मध्य प्रदेश में पेट्रोल 1 रुपए या इससे ज्यादा महंगा हुआ है।