नवंबर 2026 में शेयर बाजार 11 दिन बंद रहेगा. 10 और 24 नवंबर 2026 को छुट्टी रहेगी, जबकि 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग होगी
मुंबई. अगर आप शेयर बाजार या कमोडिटी मार्केट में ट्रेडिंग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. नवंबर 2026 के महीने में शेयर बाजार में कुल 11 दिन नियमित कामकाज बंद रहने वाला है. इस छुट्टियों की लिस्ट में शनिवार और रविवार के 9 साप्ताहिक अवकाश शामिल हैं. इसके अलावा, दो बड़े त्योहारों के मौके पर वीकडेज यानी कामकाजी दिनों में भी ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहेगी. हालांकि, निवेशकों के लिए दिवाली के दिन एक विशेष मौका भी आ रहा है.
नवंबर के दौरान दो दिन ऐसे होंगे जब निवेशक शेयरों की सामान्य खरीद-बिक्री नहीं कर पाएंगे. पहली छुट्टी 10 नवंबर (मंगलवार) को दिवाली-बलिप्रतिपदा के मौके पर होने जा रही है. इस दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इक्विटी और अन्य संबंधित सेग्मेंट्स में कोई कारोबार नहीं होगा. इसके बाद, 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भी शेयर बाजार में पूरी तरह से छुट्टी रहेगी.
BSE और NSE पर कौन से सेगमेंट रहेंगे बंद?
इन दोनों तारीखों (10 और 24 नवंबर) पर BSE पर इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स के साथ-साथ NDS-RST और ट्राई-पार्टी रेपो में भी ट्रेडिंग बंद रहेगी. वहीं NSE पर भी इक्विटी, डेरिवेटिव्स और करेंसी के अलावा म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स और न्यू डेट सेगमेंट में कामकाज नहीं होगा.
कमोडिटी मार्केट में शाम को होगी ट्रेडिंग
कमोडिटी और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (EGR) सेगमेंट में ट्रेडिंग करने वालों को थोड़ा ध्यान देना होगा. इन दोनों तारीखों पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और अन्य कमोडिटी सेग्मेंट्स पूरी तरह बंद नहीं रहेंगे. इनमें सुबह का सेशन (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) बंद रहेगा, लेकिन शाम का सेशन (शाम 5 बजे से रात 11:30 या 11:55 बजे तक) खुला रहेगा. यानी निवेशक शाम को ट्रेडिंग कर सकेंगे.
8 नवंबर को 1 घंटे के लिए खुलेगा बाजार : मुहूर्त ट्रेडिंग का टाइमटेबल
दिवाली लक्ष्मी पूजन के कारण 8 नवंबर को बाजार में सामान्य कामकाज तो बंद रहेगा, लेकिन परंपरा के मुताबिक 1 घंटे का विशेष 'मुहूर्त ट्रेडिंग' सत्र आयोजित किया जाएगा. शेयर बाजार में इसे बेहद शुभ माना जाता है. इसका शेड्यूल इस प्रकार है.
- प्री-ओपन सेशन: दोपहर 2:05 से 2:15 बजे तक
- मुख्य ट्रेडिंग सत्र: दोपहर 2:20 से शाम 3:30 बजे तक
- पोस्ट-क्लोजिंग सत्र: दोपहर 3:50 से शाम 4:00 बजे तक
नवंबर के बाद इस साल की अगली बड़ी छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर होगी. निवेशक इन तारीखों को नोट कर लें ताकि ट्रेडिंग में कोई रुकावट न आए.