सोनिया गांधी ने किताब में किया बड़ा खुलासा, राजीव गांधी को भी दी गई थी यहां न जाने की सलाह
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में 10 जनपथ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है. उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद परिवार के साथ इस बंगले में शिफ्ट होने वाले थे, तब उनके कई सहयोगियों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया था.
Edited by : साद बिन उमर Agency : एजेंसियां
November 12, 2026
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में अपने आवास 10 जनपथ को लेकर एक रोचक खुलासा किया है. सोनिया ने बताया है कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहने जाने वाले थे, तब उनके कई सहयोगियों ने उन्हें यहां न जाने की सलाह दी थी. इन लोगों का मानना था कि यह बंगला अशुभ है.
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: एक जर्नी ऑफ लव’ में गांधी परिवार से जुड़े कई दिलचस्प और निजी किस्से साझा किए हैं. इनमें एक किस्सा दिल्ली के 10 जनपथ स्थित उस बंगले का भी है, जो पिछले करीब 37 वर्षों से उनका आवास है. सोनिया ने बताया है कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहने जाने वाले थे, तब उनके कई सहयोगियों ने उन्हें यहां न जाने की सलाह दी थी. इन लोगों का मानना था कि यह बंगला अशुभ है. लेकिन राजीव और सोनिया गांधी ने इस बात को अंधविश्वास मानकर हंसी में टाल दिया और 10 जनपथ को अपना नया आशियाना बना लिया.
सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी, वह और उनके दोनों बच्चे राहुल और प्रियंका 5 फरवरी, 1990 को 10 जनपथ में रहने आए थे. तब से यह बंगला उनके परिवार का स्थायी आवास बना हुआ है. अपनी किताब में सोनिया ने न केवल इस घर से जुड़ी यादें साझा की हैं, बल्कि यह भी बताया है कि जब उन्होंने पहली बार इस बंगले में कदम रखा था, तब इसकी हालत कैसी थी और राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह कितनी चिंतित रहती थीं.
10 जनपथ क्यों माना जाता था अशुभ?
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि राजीव के कई सहयोगियों ने उन्हें 10 जनपथ में रहने जाने से रोकने की कोशिश की थी. उनका मानना था कि यह घर अशुभ है. हालांकि, किसी ने इस धारणा के पीछे की वजह नहीं बताई थी. सोनिया लिखती हैं कि न तो राजीव और न ही वह अंधविश्वासी थे. इसलिए उन्होंने सहयोगियों की इस सलाह को गंभीरता से लेने के बजाय हंसी में उड़ा दिया.
इस तरह 5 फरवरी, 1990 को गांधी परिवार ने 10 जनपथ में कदम रखा. उस समय यह बंगला देखने में बड़ा जरूर था, लेकिन उसकी हालत अच्छी नहीं थी. सोनिया के अनुसार, घर के लगभग हर कमरे की दीवारों पर नमी के कारण बड़े-बड़े धूसर धब्बे थे. घर की बनावट और रखरखाव भी ऐसा था कि उसमें रहने का माहौल काफी उदास और अंधेरा महसूस होता था.
बड़ा बंगला, लेकिन दीवारों पर सीलन और अंदर अंधेरा
सोनिया ने अपनी आत्मकथा में 10 जनपथ की शुरुआती हालत का विस्तार से जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि उस दौर के दूसरे सरकारी मकानों की तरह इस बंगले की भी नींव बहुत मजबूत नहीं थी. घर के गहरे बरामदों को बंद कर दिया गया था, जिसकी वजह से अंदर पर्याप्त रोशनी नहीं पहुंचती थी. बड़ा परिसर होने के बावजूद उसका रखरखाव ठीक से नहीं किया गया था.
बाद में साफ-सफाई और मरम्मत के जरिए इस घर की सूरत बदली गई. सोनिया के मुताबिक, धीरे-धीरे इस बंगले ने एक खास आकर्षण हासिल कर लिया. आज 10 जनपथ केवल दिल्ली का एक चर्चित सरकारी आवास नहीं, बल्कि गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीति से जुड़ा एक अहम पता भी माना जाता है.
राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित रहती थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने किताब में 10 जनपथ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताओं का भी खुलासा किया है. उन्होंने लिखा कि बंगले की चारदीवारी काफी छोटी थी और कोई भी व्यक्ति आसानी से उसे फांदकर परिसर में दाखिल हो सकता था. इतना ही नहीं, पड़ोसी ने साझा दीवार पर कंटीले तार लगाने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया था.
सोनिया के मुताबिक, राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह इतनी चिंतित रहती थीं कि कई बार उनकी चिंता लगभग जुनून की हद तक पहुंच जाती थी. उन्होंने बताया कि एक बार कुछ मित्रों को पूरे परिसर का दौरा कराया और उन्हें दिखाया कि यह घर सुरक्षा के लिहाज से कितना असुरक्षित है.
सोनिया ने लिखा कि वह चाहती थीं कि उनके मित्र इस स्थिति को अपनी आंखों से देखें, ताकि भविष्य में अगर कोई अनहोनी होती है तो वे इस बात के गवाह बन सकें कि उन्होंने पहले ही सुरक्षा से जुड़ी खामियों की ओर ध्यान दिलाया था. यह किस्सा बताता है कि राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर सोनिया कितनी फिक्रमंद रहती थीं.
राहुल और प्रियंका के पिता के साथ कैसे थे रिश्ते?
अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने राहुल और प्रियंका के बचपन तथा राजीव गांधी के साथ उनके रिश्तों का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा है कि दोनों बच्चे अपने पिता से बेहद प्यार करते थे, लेकिन राहुल का स्वभाव सवाल पूछने और हर चीज को समझने का था. वह कई बार अपने पिता के विचारों और फैसलों पर भी सवाल उठाते थे.
सोनिया के मुताबिक, राहुल ने श्रीलंका में भारतीय सेना भेजने के फैसले के संभावित नतीजों को लेकर भी राजीव गांधी से सवाल किए थे. यह वही फैसला था, जिसके गंभीर और दुखद परिणाम बाद में सामने आए. इस प्रसंग के जरिए सोनिया ने पिता-पुत्र के बीच होने वाली बातचीत और राहुल की सवाल करने वाली प्रवृत्ति की झलक दी है.
राहुल के 17वें जन्मदिन पर राजीव ने लिखा था खास पत्र
सोनिया गांधी ने किताब में राहुल गांधी के 17वें जन्मदिन पर राजीव गांधी की ओर से लिखे गए एक पत्र का भी जिक्र किया है. इस पत्र में राजीव ने बेटे के संवेदनशील स्वभाव, मानवीय मूल्यों और मुश्किल हालात का सामना करने की क्षमता की तारीफ की थी.
राजीव ने पत्र में लिखा था कि समय के साथ दुनिया में लोगों का व्यवहार पहले की तुलना में अधिक कठोर और निर्दयी होता जा रहा है. इसके बावजूद राहुल ने अपने भीतर संवेदनशीलता और मानवीय गुणों को बनाए रखा है. उन्होंने बेटे के व्यक्तित्व पर गर्व जताते हुए उसके विकास की सराहना की थी.
इस तरह 5 फरवरी, 1990 को गांधी परिवार ने 10 जनपथ में कदम रखा. उस समय यह बंगला देखने में बड़ा जरूर था, लेकिन उसकी हालत अच्छी नहीं थी. सोनिया के अनुसार, घर के लगभग हर कमरे की दीवारों पर नमी के कारण बड़े-बड़े धूसर धब्बे थे. घर की बनावट और रखरखाव भी ऐसा था कि उसमें रहने का माहौल काफी उदास और अंधेरा महसूस होता था.