पणजी. 12 नवंबर (भाषा) गोवा के उत्तरी जिले में चार वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी उसके पिता का परिचित है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कर्नाटक के धारवाड़ जिले के रहने वाले पुंडलिक गुडगे (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसे बुधवार सुबह पणजी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद से उसकी पहचान की।
पुलिस ने बताया कि आठ नवंबर की रात बच्ची मापुसा के लोहिया मैदान के पास एक सुनसान इमारत के नजदीक बदहवास हालत में मिली थी, शुरुआत में पुलिस को बच्ची और आरोपी के परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि बाद में बच्ची के पिता का पता लगाया गया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटनाक्रम को समझा गया।
जांच में पता चला कि आरोपी बच्ची के पिता को जानता था। बच्ची का पिता प्रवासी मजदूर है और रात में फुटपाथ पर सोता था। घटना वाले दिन आरोपी और बच्ची का पिता मापुसा बाजार इलाके में अन्य परिचितों के साथ मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था, इसलिए उसकी गतिविधियों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस ने मापुसा, पणजी, मडगांव और वास्को में उसकी तलाश की और बुधवार सुबह उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक बैग, चादर और बच्ची के कपड़े बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बैग को अपना बताया और अपराध कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने बताया कि बच्ची को गंभीर हालत में पहले मापुसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उसे गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। अब उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, गोवा बाल अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जल्द से जल्द आरोपपत्र दाखिल करने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा था कि ऐसे अपराध करने वालों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें स्थायी रूप से जेल भेजा जाएगा।
भाषा रंजन वैभव