आमेट. नगर के जवाहर नगर में श्री मातेश्वरी क्लब का पारंपरिक सार्वजनिक नवरात्रि गरबा महोत्सव लगातार 23 वर्षों से आयोजित हो रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे, बालिकाएं और युवा इसमें भाग लेकर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए हुए हैं।
यह आमेट का एकमात्र ऐसा सार्वजनिक सामूहिक गरबा आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। श्री मातेश्वरी क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन लगभग 300 बालिकाएं, 250 बच्चे तथा 100 बालक भाग लेने पहुंचते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की आरती से होती है। इसके बाद बच्चों का गरबा राउंड, विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियां, बालिकाओं का राउंड, एकल नृत्य प्रस्तुतियां, बालकों का राउंड और अंत में मिक्स गरबा आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में कार्यकर्ता भी सामूहिक नृत्य प्रस्तुत करते हैं।
प्रतिदिन होने वाली एकल नृत्य प्रस्तुतियां महोत्सव का विशेष आकर्षण रहती हैं। बच्चों और अन्य प्रतिभागियों का उत्साह पूरे आयोजन के दौरान देखने को मिलता है। महोत्सव के तहत शनिवार रात्रि को गुजराती पारंपरिक वेशभूषा में विशेष गरबा कार्यक्रम आयोजित होगा। 18 अक्टूबर 2026 को अष्टमी के पावन अवसर पर महाआरती की जाएगी। वहीं, 19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर विशेष वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागी आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लेंगे। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए चयनित विजेताओं को विशेष उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
श्री मातेश्वरी क्लब का यह गरबा महोत्सव 21 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ बच्चों और युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा समाज में आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। जवाहर नगर में 23 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।