Tuesday, 03 March 2026

उत्तर प्रदेश

शादी से पहले दूल्हे ने भेजी दहेज की लिस्ट, दुल्हन ने किया शादी से इंकार, दूल्हे के पिता को ले गई पुलिस

Paliwalwani
शादी से पहले दूल्हे ने भेजी दहेज की लिस्ट, दुल्हन ने किया शादी से इंकार, दूल्हे के पिता को ले गई पुलिस
शादी से पहले दूल्हे ने भेजी दहेज की लिस्ट, दुल्हन ने किया शादी से इंकार, दूल्हे के पिता को ले गई पुलिस

फिरोजाबाद में शादी की तैयारियों के बीच दूल्हा पक्ष द्वारा भेजी गई दहेज के सामान की लिस्ट को देखकर दुल्हन पक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई। जब दहेज की लिस्ट भेजने की जानकारी दुल्हन को हुई तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करा दिया।

मामला टूंडला थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। गांव निवासी युवती की शादी आगरा के थाना एत्माउद्दौला अंतर्गत संतोष नगर, शशि नगर निवासी रोहित शर्मा के साथ तय हुई थी। 15 दिसंबर को बारात आनी थी। शादी के लिए फिरोजाबाद रोड स्थित मैरिज होम बुक किया गया था। आरोप है कि शादी से पूर्व दूल्हे के पिता ने दहेज की लंबी-चौड़ी लिस्ट बनाकर कन्या के पिता के मोबाइल पर भेज दी। इसे देखकर कन्या के पिता के होश उड़ गए।

इस पर दुल्हन के पिता ने दूल्हे के पिता से बात की तो उन्होंने पूरा सामान न मिलने पर बारात न लाने की धमकी दी। बिचौलिए के माध्यम से हुई वार्ता के बाद भी बुधवार देर शाम तक बात नहीं बनी तो कन्या पक्ष में हड़कंप मच गया। दहेज के लिए बरात न आने की जानकारी पर मेहंदी लगाए बैठी दुल्हन ने भी शादी करने से इंकार कर दिया।

इस बात पर दुल्हन का पिता थाने पहुंच गया और तहरीर दी। पुलिस दूल्हे के पिता को थाने ले आई। थाने में पंचायत होती रही, देर रात दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। दोनों पक्ष द्वारा सामान वापस कराया जाएगा। कन्या के परिजन बेटी के लिए दूसरे वर की तलाश करने में जुट गए। थाना प्रभारी टूंडला, राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष में समझौता हो गया है। दहेज लोभियों के खिलाफ उठाए दुल्हन के कदम की हर कोई सराहना कर रहा है।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News