किसानों के लिए खुशखबरी! गेहूं, चना, मसूर समेत कई बीजों पर मिलेगी 50% सब्सिडी
उत्तर प्रदेश. उत्तर प्रदेश के किसान भाइयों के लिए रबी सीजन (Rabi Season) की बुवाई से पहले एक बेहद जरूरी और काम की खबर है. उत्तर प्रदेश सरकार ने रबी 2026-27 की फसलों के लिए उन्नत बीजों के वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. किसान 50% अनुदान पर बीज पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
राज्य सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं, चना, मटर, मसूर, जौ, सरसों, अलसी समेत कई फसलों के बीज मिनीकिट और सामान्य वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत किसान 50% सब्सिडी पर इन फसलों के प्रमाणित बीज खरीद सकेंगे. साथ ही, पात्र किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
बीज पाने के लिए किसानों को कृषि विभाग के Agridarshan पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. विभाग ने अलग-अलग फसलों के लिए आवेदन की तारीखें भी जारी कर दी हैं.
किस फसल की बुकिंग कब तक?
तोरिया: 2 जुलाई 2026 से 16 अगस्त 2026 तक
दलहन एवं तिलहन (चना, मटर, मसूर, सरसों, अलसी आदि): 10 जुलाई 2026 से 10 सितंबर 2026 तक
गेहूं, जौ एवं अन्य रबी फसलें: 10 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक किसान भाई उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के आधिकारिक विभागीय पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in पर जाकर अपनी पसंदीदा फसल के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. बुकिंग निर्धारित अवधि के भीतर पूरी करना जरूरी है.
कैसे होगा चयन?
विभाग ने साफ किया है कि बीजों का सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करने के लिए 'ई-लॉटरी' प्रणाली का उपयोग किया जाएगा. इसलिए निर्धारित समय सीमा के भीतर बुकिंग करना अनिवार्य है.
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खुद आवेदन करें और अपने आसपास के अन्य किसानों को भी इसकी जानकारी दें.
किसानों के लिए क्यों फायदेमंद है?
50% सब्सिडी पर प्रमाणित बीज मिलेंगे.
बेहतर गुणवत्ता वाले बीज से उत्पादन बढ़ने की संभावना.
निःशुल्क बीज मिनीकिट का भी लाभ मिलेगा.
समय पर बुकिंग करने वाले किसानों को योजना का फायदा मिलने की संभावना ज्यादा रहेगी.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
कृषि विभाग ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते स्वयं अपनी ऑनलाइन बुकिंग पूरी करें. निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने वाले किसानों में से ही ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद रबी फसलों के बीजों का वितरण सुचारू रूप से शुरू होगा.
किसी भी तकनीकी सहायता या जानकारी के लिए विभाग की हेल्पलाइन नंबर 0522-2317003 पर संपर्क किया जा सकता है.
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →