श्री महाकालेश्वर मंदिर में 17 अगस्त को नागपंचमी पर्व मनाया जाएगा : 5 दिन बाद नागचंद्रेश्वर के पट खुलेंगे
5 दिन बाद नागचंद्रेश्वर के पट खुलेंगे, दर्शन करना है तो समझ लीजिए पूरा प्लान
उज्जैन. श्री महाकालेश्वर मंदिर में 17 अगस्त 2026 सोमवार को नागपंचमी पर्व मनाया जाएगा. इस अवसर पर भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के पट 16 अगस्त की रात्रि 12.00 बजे से 17 अगस्त 2026 की रात्रि 12.00 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे. नागपंचमी पर्व के साथ ही श्रावण मास का तृतीय सोमवार होने के कारण भगवान श्री महाकाल की सवारी भी नगर भ्रमण पर निकलेगी. इसके दृष्टिगत भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है.
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट 17 अगस्त 2026 को नागपंचमी के अवसर पर पूरे 24 घंटे के लिए खोले जाएंगे.
भगवान श्री नागचंद्रेश्वर का प्रथम पूजन महंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा द्वारा 16 अगस्त 2026 की रात्रि 11.30 बजे से 12.00 बजे तक पट खुलने के समय किया जाएगा. इसके पश्चात दोपहर 12.00 बजे शासकीय पूजन तथा संध्या आरती के समय मंदिर के पुजारी एवं पुरोहित द्वारा पूजन किया जाएगा.
आगामी नागपंचमी पर्व एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को श्री महाकाल महालोक के त्रिनेत्र मीटिंग कक्ष में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, महंत विनीत गिरि सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई.
बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नागपंचमी पर्व पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने सुगम दर्शन, पार्किंग, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए.
श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर सहित संपूर्ण मंदिर परिसर एवं बाह्य क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त पेयजल, पानी के टैंकर, पेयजल पॉइंट, मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं मोबाइल लॉकर्स की व्यवस्था भी की जाएगी.
पार्किंग व्यवस्था
पूछताछ एवं खोया-पाया केंद्र : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी पूछताछ एवं खोया-पाया केंद्र कर्कराज पार्किंग, भील समाज धर्मशाला पार्किंग, चारधाम मंदिर पार्किंग, हरसिद्धि चौराहा, बड़ा गणेश मंदिर के सामने एवं प्री-पेड बूथ तिराहा पर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों की व्यवस्था जिला संगठन आयुक्त, भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा की जाएगी.
फायर स्टेशन व्यवस्था : श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए नगर निगम उज्जैन द्वारा हरसिद्धि चौराहा, नृसिंह घाट तिराहा, भील समाज पार्किंग, कर्कराज पार्किंग, त्रिवेणी संग्रहालय के आसपास एवं श्री महाकाल महालोक कंट्रोल रूम पर अस्थायी फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे.
चिकित्सा व्यवस्था : नागपंचमी पर्व पर श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार की सुविधा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए कर्कराज पार्किंग, भील समाज धर्मशाला, नृसिंह घाट तिराहा, हरसिद्धि चौराहा, चारधाम मंदिर पार्किंग, बड़ा गणेश मंदिर, विश्रामधाम, मंदिर परिसर, प्री-पेड बूथ तिराहा एवं मंदिर द्वारा संचालित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पर डॉक्टर, कंपाउंडर एवं पैरामेडिकल स्टाफ आवश्यक औषधियों सहित तैनात रहेंगे. इसके साथ ही कर्कराज पार्किंग, बड़ा गणेश मंदिर के सामने, त्रिवेणी सरफेस पार्किंग एवं श्री महाकाल महालोक कंट्रोल रूम पर एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी.
श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाह्य परिक्षेत्र में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर पालिक निगम उज्जैन एवं सांची दुग्ध संघ के माध्यम से चयनित स्थानों पर पेयजल टैंकर खड़े किए जाएंगे. श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या एवं पानी की खपत को देखते हुए जल प्रदाय निरंतर बनाए रखने की व्यवस्था सहायक यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, चामुंडा माता चौराहा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी.
बैठक में संबंधित विभागों को नागपंचमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए.

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →